ट्रंप की कुर्बानी: बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही बांग्लादेश में एक खास भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
अपनी अनोखी रंगत, सुनहरे बालों और अलग हेयरस्टाइल की वजह से यह भैंसा सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय बाजारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।
खास बात यह है कि लोगों ने इसका नाम अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के नाम पर “डोनाल्ड ट्रंप” रख दिया है।
यह भैंसा बांग्लादेश के नारायणगंज जिले के एक मशहूर एग्रो फार्म में रखा गया है, जहां उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
फार्म पर आने वाले लोग इस भैंसे के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और उसकी अलग पहचान को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
बकरीद से पहले यह जानवर अब स्थानीय स्तर पर किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं माना जा रहा।
सुनहरे बालों की वजह से पड़ा नाम
भैंसे के मालिक जियाउद्दीन ने बताया कि शुरुआत में उनके भाई ने मजाक-मजाक में उसका नाम “डोनाल्ड ट्रंप” रख दिया था।
इसकी वजह भैंसे के हल्के सुनहरे बाल, चमकदार गोरी त्वचा और सिर पर उभरे बालों का खास अंदाज था, जो कुछ लोगों को डोनाल्ड ट्रंप के हेयरस्टाइल की याद दिलाता था।
धीरे-धीरे यह नाम इतना लोकप्रिय हो गया कि आसपास के लोग भी उसी नाम से उसे बुलाने लगे।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद यह भैंसा पूरे इलाके में मशहूर हो गया।
अब हालात ऐसे हैं कि लोग खास तौर पर “डोनाल्ड ट्रंप भैंसा” देखने के लिए फार्म पहुंच रहे हैं।
एल्बिनो नस्ल की वजह से अलग पहचान
करीब 700 किलो वजन वाले इस भैंसे को “एल्बिनो” श्रेणी का बताया जा रहा है। एल्बिनो जानवरों की त्वचा और बाल सामान्य जानवरों की तुलना में काफी हल्के रंग के होते हैं,
जिससे वे अलग दिखाई देते हैं। यही वजह है कि यह भैंसा आम भैंसों से बिल्कुल अलग नजर आता है।
फार्म संचालकों के अनुसार, इसकी देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उसे खास खानपान दिया जा रहा है ताकि वह पूरी तरह स्वस्थ रहे। बकरीद के करीब आते ही इसे देखने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है।
लाखों में हुई खरीदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बकरीद पर कुर्बानी के लिए इस खास भैंसे को रसूलपुर इलाके के रहने वाले मोहम्मद शोरेन ने खरीदा है।
बताया जा रहा है कि इसका सौदा 550 टका प्रति किलो के हिसाब से हुआ और कुल कीमत करीब 3.5 लाख से 3.85 लाख टका के बीच रही।
इतनी बड़ी रकम में बिकने के कारण भी यह भैंसा चर्चा में आ गया है। स्थानीय बाजार में इसे इस साल के सबसे महंगे और चर्चित जानवरों में गिना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भैंसा
“डोनाल्ड ट्रंप” नाम मिलने के बाद यह भैंसा इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर इसकी तस्वीरें और वीडियो लगातार शेयर किए जा रहे हैं।
लोग इसकी अनोखी शक्ल और रंगत को देखकर हैरानी जता रहे हैं। बकरीद से पहले इस भैंसे ने बांग्लादेश में अलग ही माहौल बना दिया है।
जहां एक तरफ लोग इसे देखने के लिए उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर इसकी कीमत और अनोखे लुक को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।

