Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए खुलासे हो रहे हैं।
इस मामले में गिरफ्तार केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में हैं।
अब इस केस में एक नया मोड़ तब आया, जब बाली प्री-वेडिंग शूट के लिए दोनों को मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने वाले कैब ड्राइवर ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं।
ड्राइवर के दावों के बाद पुलिस इस पूरे मामले की नई दिशा से जांच कर रही है।
बाली जाने को तैयार नहीं थी सिया
कैब चालक वैभव जाधव ने बताया कि केतन और सिया की प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने की योजना थी।
इसके लिए पुणे से मुंबई एयरपोर्ट तक कार बुक की गई थी, लेकिन जब सिया को घर से निकलना था, तब वह कार में बैठने के लिए तैयार नहीं हुई।
ड्राइवर के मुताबिक, काफी समझाने के बाद भी सिया नहीं मानी। आखिर में उसके भाई साहिल ने उसका हाथ पकड़कर उसे कार में बैठाया।
पुणे से रावेत तक के सफर में सिया और उसके भाई के बीच लगातार बहस होती रही।
ड्राइवर का कहना है कि उस समय उसे लगा कि सिया इस यात्रा से बिल्कुल खुश नहीं थी।
फूड कोर्ट पर पासपोर्ट रखने का आरोप
मुंबई एयरपोर्ट जाते समय रास्ते में सभी लोग एक फूड कोर्ट पर रुके।
ड्राइवर के अनुसार, इसी दौरान सिया अकेले कार के पास आई और कार से कुछ सामान निकालकर अपनी जेब में रख लिया। उस समय किसी ने इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
लेकिन जब सभी लोग एयरपोर्ट पहुंचे, तब केतन का फोन आया कि उसका पासपोर्ट नहीं मिल रहा है।
जांच में अब यह बात सामने आई है कि सिया ने कथित तौर पर उसी समय केतन का पासपोर्ट अपने पास रख लिया था।
माना जा रहा है कि इसी वजह से बाली की पूरी यात्रा रद्द करनी पड़ी। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
लोहागढ़ किले पर कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन
रविवार को पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल को लोहागढ़ किले पर लेकर पहुंची। इसी जगह 18 जून को केतन अग्रवाल की मौत हुई थी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया।
इसके लिए पुलिस ने केतन के बराबर वजन वाली डमी का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि केतन को किस जगह से और किस तरह नीचे धक्का दिया गया।
पुलिस जल्द ही चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएट करेगी, ताकि दोनों के बयानों का मिलान किया जा सके।
शादी नहीं करना चाहती थी सिया
पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी,
लेकिन उसे डर था कि अगर वह रिश्ता तोड़ देगी तो परिवार की बदनामी होगी।
इसी वजह से उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस का आरोप है कि दोनों ने पहले से साजिश रची और फिर लोहागढ़ किले पर मौका देखकर केतन को धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कई सबूतों की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस सिर्फ आरोपियों के बयान पर निर्भर नहीं है। जांच टीम मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, चैट, लोकेशन, डिजिटल सबूत, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
आज सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत खत्म हो रही है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आगे की पूछताछ के लिए दोनों की रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में हर नए खुलासे के साथ जांच और भी गहराती जा रही है, जबकि पुलिस अब हर सबूत को जोड़कर पूरी साजिश का सच सामने लाने की कोशिश में जुटी है।

