Cockroach Janata Party: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बनी हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को बड़ा झटका लगा है। भारत में उसके X अकाउंट की पहुंच सीमित कर दी गई है। अब अकाउंट खोलने पर यूज़र्स को “Account Withheld” का संदेश दिखाई दे रहा है।
CJP के संस्थापक Abhijeet Dipke ने सोशल मीडिया पर इसका स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि उन्हें पहले से इस तरह की कार्रवाई की उम्मीद थी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का X अकाउंट भारत में रोक दिया गया है।
इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़े फॉलोअर्स
पिछले कुछ दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर काफी तेजी से लोकप्रियता हासिल की। खासकर इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या में तेज उछाल देखने को मिला।
Cockroach Janata Party: रिपोर्ट्स के मुताबिक, CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 1.3 करोड़ से अधिक पहुंच गई, जबकि Bharatiya Janata Party (भाजपा) के आधिकारिक अकाउंट के फॉलोअर्स इससे कम बताए गए।
पार्टी ने खुद भी पोस्ट कर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उसने केवल चार दिनों में फॉलोअर्स के मामले में भाजपा को पीछे छोड़ दिया।

आखिर क्यों रोका गया X अकाउंट?
X की नीति के अनुसार, अगर किसी अधिकृत एजेंसी की ओर से वैध कानूनी अनुरोध मिलता है या कोई कंटेंट स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो प्लेटफॉर्म किसी विशेष देश में उस अकाउंट या कंटेंट की पहुंच सीमित कर सकता है।
कंपनी का कहना है कि ऐसी कार्रवाई केवल उसी क्षेत्र में लागू की जाती है जहां से कानूनी मांग या शिकायत प्राप्त होती है।
कैसे हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत उस विवाद के बाद हुई, जब Chief Justice Surya Kant की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इसी मुद्दे के बाद अभिजीत दिपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में इस राजनीतिक संगठन की शुरुआत की। पार्टी ने खुद को मजाकिया तरीके से पेश करते हुए कहा कि इसमें शामिल होने के लिए व्यक्ति का “बेरोजगार, आलसी, हमेशा ऑनलाइन रहने वाला और प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने वाला” होना जरूरी है।
कौन हैं अभिजीत दिपके?
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके एक राजनीतिक संचार रणनीतिकार हैं। वे पहले Aam Aadmi Party के साथ सोशल मीडिया और चुनावी अभियानों में काम कर चुके हैं।
X अकाउंट पर रोक लगने के कुछ समय बाद उन्होंने यह भी दावा किया कि CJP के इंस्टाग्राम अकाउंट को एक्सेस करने की कोशिश की जा रही है।

