Blood Cancer: आजकल स्किन पर लाल चकत्ते, छोटे-छोटे लाल धब्बे या बिना चोट के नीले निशान दिखना आम समस्या माना जाता है।
ज्यादातर लोग इसे एलर्जी, मौसम बदलने या त्वचा संबंधी सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं,
लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ये निशान लंबे समय तक बने रहें और दवाइयों के बाद भी ठीक न हों, तो यह शरीर में किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
कई मामलों में यह ब्लड कैंसर यानी ल्यूकेमिया की शुरुआती चेतावनी भी साबित हो सकता है। ऐसे में समय पर जांच कराना बेहद जरूरी माना जाता है।
बोन मैरो से शुरू होती है बीमारी
डॉक्टरों के अनुसार ब्लड कैंसर की शुरुआत शरीर के बोन मैरो में होती है, जहां खून बनाने वाली कोशिकाएं तैयार होती हैं।
जब इन सेल्स के डीएनए में बदलाव होने लगता है, तो असामान्य व्हाइट ब्लड सेल्स तेजी से बढ़ने लगती हैं।
धीरे-धीरे ये स्वस्थ रक्त कोशिकाओं की जगह लेने लगती हैं, जिससे शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता कमजोर होने लगती है और कई तरह की परेशानियां सामने आने लगती हैं।
स्किन पर दिख सकते हैं शुरुआती संकेत
विशेषज्ञ बताते हैं कि ब्लड कैंसर के लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन त्वचा पर दिखने वाले कुछ संकेत बेहद अहम माने जाते हैं।
स्किन पर लाल चकत्ते, बैंगनी धब्बे, बिना चोट के नीले निशान या छोटे-छोटे लाल बिंदु दिखाई देना बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है।
मेडिकल भाषा में इन लाल बिंदुओं को पेटीकीए कहा जाता है। कई बार ये निशान दबाने पर भी फीके नहीं पड़ते, जो सामान्य एलर्जी से अलग माने जाते हैं।
प्लेटलेट्स की कमी बनती है वजह
डॉक्टरों के मुताबिक ब्लड कैंसर में शरीर में प्लेटलेट्स तेजी से कम होने लगते हैं। प्लेटलेट्स खून का थक्का बनाने में मदद करते हैं।
जब इनकी संख्या घटती है, तो त्वचा के नीचे छोटे रक्तस्राव होने लगते हैं, जिससे लाल या बैंगनी चकत्ते दिखाई देने लगते हैं।
इसके अलावा बार-बार बुखार आना, लगातार थकान रहना, सांस फूलना, अचानक वजन कम होना,
रात में ज्यादा पसीना आना और शरीर में गांठ महसूस होना भी गंभीर संकेत हो सकते हैं।
कब कराना चाहिए CBC टेस्ट?
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर शरीर में इस तरह के लक्षण लगातार दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
सीबीसी यानी कम्प्लीट ब्लड काउंट टेस्ट के जरिए शरीर में रेड ब्लड सेल्स, व्हाइट ब्लड सेल्स और प्लेटलेट्स की स्थिति का पता लगाया जाता है।
इस जांच से शुरुआती स्तर पर बीमारी पकड़ने में मदद मिल सकती है।
अगर रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलती है, तो डॉक्टर आगे की जांच कराने की सलाह देते हैं।
हर लाल निशान कैंसर नहीं होता
डॉक्टर यह भी साफ करते हैं कि स्किन पर दिखने वाला हर लाल चकत्ता ब्लड कैंसर का संकेत नहीं होता।
कई बार एलर्जी, इंफेक्शन या अन्य त्वचा रोगों की वजह से भी ऐसे निशान बन सकते हैं, लेकिन अगर बार-बार लाल धब्बे दिखें,
लगातार खुजली हो या शरीर में असामान्य बदलाव महसूस हों, तो लापरवाही नहीं करनी चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज से ब्लड कैंसर के इलाज की संभावना काफी बेहतर हो सकती है।

