पीड़िता के साथ किया दुबारा रेप: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है।
पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद तौर पर बदले की भावना में छह लोगों की हत्या कर फरार हो गया।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पहले पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात उसने सबसे पहले शबाद स्थित अपने घर में पत्नी पार्वती सरिता पर धारदार हथियार से हमला किया।
हमले में उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने दो छोटे बेटों की भी हत्या कर दी।
दोनों बच्चों की उम्र करीब दो से तीन साल बताई जा रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने अपने ही परिवार के तीन लोगों की जान लेने के बाद वहां से फरार हो गया।
किशोरी के परिवार को बनाया निशाना
घर में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब छह किलोमीटर दूर उस गांव पहुंचा, जहां 17 वर्षीय किशोरी रहती थी।
इसी किशोरी ने पहले उसके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इसी मामले को लेकर बदला लेना चाहता था।
खेत में ले जाकर किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर किशोरी को जबरन खेत की ओर ले गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कथित रूप से किशोरी के साथ दोबारा दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही की जाएगी।
मां और नानी की भी कर दी हत्या
किशोरी की हत्या के बाद आरोपी वापस उसके घर पहुंचा। वहां मौजूद किशोरी की मां और बुजुर्ग नानी पर भी उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह आरोपी ने एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर छह लोगों की हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के बाहर जमा हो गए।
रिश्तेदारों को फोन कर कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता और कुछ रिश्तेदारों को फोन किया। उसने कथित तौर पर कहा कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है।
इसके बाद उसने आत्महत्या करने की धमकी दी और फरार हो गया। पुलिस अब उसके मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त तरुण जोशी वरिष्ठ अधिकारियों, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
दोनों घटनास्थलों को सील कर दिया गया। पुलिस ने सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
आरोपी की तलाश में 7 विशेष टीमें
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सात विशेष टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि आरोपी कहीं भाग न सके।
जांच जारी, कई सवालों के जवाब बाकी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की पूरी साजिश और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

