Friday, July 3, 2026

थाईलैंड: 11 साल के बच्चे ने भिक्षुओं के समूह पर चढ़ाई ट्रक, 9 की गई जान

थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में गुरुवार (2 जुलाई 2026) को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

एक 11 साल के बच्चे द्वारा चलाई जा रही पिकअप ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे बौद्ध भिक्षुओं के समूह में जा घुसी।

इस भीषण हादसे में 9 भिक्षुओं की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने वाहन चला रहे नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है। उससे बाल संरक्षण अधिकारियों की मौजूदगी में पूछताछ की जाएगी।

तीर्थ यात्रा के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मुकदाहान प्रांत में हुआ। यहां 35 बौद्ध भिक्षुओं का एक समूह करीब 260 किलोमीटर लंबी पैदल तीर्थ यात्रा पर निकला था।

यात्रा शुरू हुए अभी लगभग 30 मिनट ही हुए थे कि यह हादसा हो गया।

भिक्षु सड़क के किनारे एक लाइन में शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ट्रक

अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे उनके बीच जा घुसी। हादसा इतना तेज था कि कई भिक्षु दूर तक उछल गए।

9 भिक्षुओं की गई जान

प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी।

वहीं चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।

इसके अलावा 13 घायल भिक्षुओं को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक, इनमें तीन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उनका लगातार इलाज किया जा रहा है।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना

स्थानीय बचाव दल ने हादसे का CCTV फुटेज भी साझा किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सभी भिक्षु सड़क के किनारे अनुशासन के साथ एक कतार में चल रहे थे।

तभी पिकअप ट्रक अचानक सड़क से फिसलकर उनकी ओर मुड़ जाती है और कुछ ही सेकंड में कई लोगों को टक्कर मार देती है।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कुछ लोगों ने घायलों को सड़क से हटाया,

जबकि अन्य ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि पिकअप ट्रक हादसे से पहले ही सड़क पर लहराते हुए चल रही थी।

इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वाहन पहले से ही नियंत्रण में नहीं था।

फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि 11 साल का बच्चा ट्रक कैसे चला रहा था और वाहन उसके पास कैसे पहुंचा।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय वाहन में कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की जाएगी और उसके बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article