NIA ने ISI के जासूस को किया गिरफ्तार: राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान के लिए कथित रूप से जासूसी करने वाले जफर रियाज उर्फ रिजवी को गिरफ्तार किया है।
आरोपित कोलकाता का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था।
एजेंसी के मुताबिक उसे अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया भी चल रही थी। मंगलवार (20 मई 2026) देर रात NIA ने इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
पाकिस्तानी महिला से निकाह, परिवार पाकिस्तान में
जाँच एजेंसी के अनुसार जफर रियाज ने पाकिस्तान की एक महिला से निकाह किया था। उसके बच्चे भी पाकिस्तान में ही रहते हैं।
एजेंसी का दावा है कि साल 2005 से वह लगातार भारत और पाकिस्तान के बीच यात्रा करता रहा और इसी दौरान उसका संपर्क पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से हुआ।
पैसों और नागरिकता का लालच देकर बनाया एजेंट
NIA की जाँच में सामने आया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने जफर को जासूसी की ट्रेनिंग दी थी।
इसके बदले उसे पैसे और पाकिस्तान की नागरिकता का लालच दिया गया।
एजेंसी का आरोप है कि वह भारत से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय सुरक्षा जानकारियाँ पाकिस्तान तक पहुँचाने का काम कर रहा था।
पहले भी जासूसी मामले में हो चुकी है सजा
NIA ने बताया कि जफर रियाज पहले भी जासूसी के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है।
उस समय उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत कार्रवाई हुई थी।
बावजूद इसके वह लगातार पाकिस्तान के संपर्क में बना रहा।
UAPA समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
एजेंसी ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल NIA उससे पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जासूसी नेटवर्क की गहराई से जाँच जारी
NIA अब इस पूरे जासूसी रैकेट की गहराई से जाँच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और भारत विरोधी साजिश कितनी बड़ी थी।
अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।

