जस्टिस सूर्यकांत मिश्रा के वो 8 बयान: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत पिछले कुछ समय से अपनी बेबाक टिप्पणियों और सख़्त रुख़ को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं।
उनके कई बयान ऐसे रहे, जिन पर एक तरफ समर्थकों ने कहा कि वे व्यवस्था, राष्ट्रहित और संवैधानिक अनुशासन की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलों, वामपंथी समूहों और एक्टिविस्ट संगठनों ने उन्हें लेकर तीखी आलोचना की।
कभी उन्होंने फर्जी डिग्री वालों पर निशाना साधा, कभी कथित पर्यावरण कार्यकर्ताओं पर सवाल उठाए, तो कभी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन की बात कही।
इन बयानों ने देश में न्यायपालिका, लोकतंत्र, विकास, राष्ट्रवाद और नागरिक अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी।
1. कॉकरोच और परजीवी टिप्पणी पर मचा बवाल
15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक वकील को सीनियर एडवोकेट का दर्जा दिए जाने से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने तीखी टिप्पणियां कीं।
सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि समाज में ऐसे “परजीवी” मौजूद हैं जो सिस्टम पर हमला करते हैं। इसी क्रम में उन्होंने टिप्पणी की कि कुछ युवा “कॉकरोच” जैसे व्यवहार करते हैं, जिन्हें अवसर नहीं मिलता तो वे मीडिया, सोशल मीडिया या एक्टिविज्म के जरिए व्यवस्था पर हमला शुरू कर देते हैं।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कई लोगों ने इसे युवाओं का अपमान बताया। हालांकि अगले ही दिन जस्टिस सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि उनका निशाना देश के युवा नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री लेकर पेशों में घुसने वाले लोग थे। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय युवाओं पर गर्व है और वे उन्हें विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं।
कुछ लोगों ने इस विवादित बयान के बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से पेज बनाया है और इसे एक बड़े आंदोलन का रूप दे दिया है। बताया जा रहा है कि यह आंदोलन पूरी तरह से ‘व्यवस्था-विरोधी’ (Anti-establishment) है।
पेज के एडमिन और समर्थक युवाओं से सत्तारूढ़ दल (BJP) को अनफॉलो करने और सिस्टम के खिलाफ सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाने की अपील कर रहे हैं।
2. पर्यावरण कार्यकर्ताओं पर टिप्पणी
जस्टिस सूर्यकांत मिश्रा के वो 8 बयान: 11 मई 2026 को गुजरात के पिपावाव पोर्ट विस्तार परियोजना से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी सामने आई।
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, “हमें ऐसा एक भी प्रोजेक्ट दिखाइए जहां तथाकथित पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने कहा हो कि हम इस परियोजना का स्वागत करते हैं, देश प्रगति कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि हर विकास परियोजना को अदालत में खींच लाना देश की प्रगति के लिए नुकसानदायक है। अदालत ने यह भी कहा कि केवल विरोध करने के बजाय व्यावहारिक सुझाव लेकर आने चाहिए, जिससे विकास और पर्यावरण दोनों के बीच संतुलन बनाया जा सके।
दरअसल, यह बहस नई नहीं है। नर्मदा बचाओ आंदोलन और मेधा पाटकर के दौर से ही भारत में “विकास बनाम पर्यावरण” की वैचारिक लड़ाई चलती रही है। बड़े बांधों, बंदरगाहों और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लेकर हमेशा दो पक्ष सामने आते रहे हैं।
एक पक्ष इन्हें देश की आर्थिक प्रगति और आधुनिक भारत की जरूरत मानता है, जबकि दूसरा पर्यावरणीय नुकसान, विस्थापन और स्थानीय समुदायों के अधिकारों का सवाल उठाता है।
नर्मदा आंदोलन के समय भी कार्यकर्ताओं पर विकास रोकने के आरोप लगे थे, जबकि कार्यकर्ताओं का तर्क था कि बिना पर्यावरणीय संतुलन और पुनर्वास के विकास अधूरा है।
पिपावाव पोर्ट मामले में जस्टिस सूर्यकांत की टिप्पणी उसी पुरानी बहस का आधुनिक रूप मानी गई, जहां अदालत ने संकेत दिया कि केवल विरोध की राजनीति के बजाय समाधान आधारित दृष्टिकोण जरूरी है।
इस टिप्पणी के बाद कई वकीलों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने खुला पत्र लिखकर आपत्ति जताई। लेकिन दूसरी तरफ इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास के पक्षधर लोगों ने कहा कि देश में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स केवल अंतहीन मुकदमेबाजी की वजह से अटक जाते हैं।
साथ ही, राष्ट्रवादी हलकों में इस बयान को “विकास विरोधी लॉबी” के खिलाफ सीधी चेतावनी के तौर पर देखा गया।
3. ट्रेड यूनियनों को लेकर सख्त टिप्पणी
जस्टिस सूर्यकांत मिश्रा के वो 8 बयान: 29 जनवरी 2026 को घरेलू कामगारों के अधिकारों और न्यूनतम वेतन से जुड़ी एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने ट्रेड यूनियनों पर टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि देश में औद्योगिक विकास रुकने और कई पारंपरिक उद्योगों के बंद होने के पीछे “झंडाधारी यूनियनों” की बड़ी भूमिका रही है।
सुनवाई के दौरान उन्होंने चिंता जताई कि अगर घरेलू कामगारों के लिए अत्यधिक कठोर नियम लागू किए गए, तो लोग उन्हें काम पर रखना बंद कर सकते हैं, जिससे रोजगार पर असर पड़ेगा।
ट्रेड यूनियनों और वामपंथी संगठनों ने इस बयान को श्रमिक विरोधी बताया। दूसरी ओर, उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि अत्यधिक यूनियन दबाव और मुकदमेबाजी कई बार आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करती है।
यह भी पढ़ें: ट्रेड यूनियनों पर भड़की सुप्रीम कोर्ट, लगाई लताड़
4. रोहिंग्या मामले में ‘रेड कार्पेट’ टिप्पणी
दिसंबर 2025 में रोहिंग्या शरणार्थियों से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने अवैध घुसपैठ पर सख्त सवाल उठाए।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पूछा, “क्या हम उनके लिए रेड कार्पेट बिछा दें?”
उन्होंने कहा कि बिना कानूनी दस्तावेजों के सीमा पार करके आने वालों को ‘शरणार्थी’ नहीं बल्कि ‘घुसपैठिया’ माना जाएगा। CJI ने यह भी कहा कि देश के सीमित संसाधनों पर पहला अधिकार भारत के गरीब नागरिकों का है।
इस बयान पर मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और कुछ पूर्व न्यायाधीशों ने आपत्ति जताई, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमाई नियंत्रण के पक्ष में मजबूत संदेश माना।
5. ‘मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं’
जस्टिस सूर्यकांत मिश्रा के वो 8 बयान: रोहिंग्या मामले और सोशल मीडिया आलोचना के बाद दिसंबर 2025 में ही जस्टिस सूर्यकांत ने एक अन्य सुनवाई के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, “अगर कोई सोचता है कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से मुझे डराया जा सकता है, तो वे गलत हैं। मैं बहुत सख्त व्यक्ति हूं।”
इस बयान को न्यायपालिका की स्वतंत्रता और न्यायाधीशों पर दबाव बनाने की कोशिशों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा गया।
6. अशोका यूनिवर्सिटी प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद केस
मई 2025 में अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की गिरफ्तारी से जुड़े मामले में जस्टिस सूर्यकांत की टिप्पणियां काफी चर्चित रहीं। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन समाज और देश के प्रति जिम्मेदारियां भी उतनी ही जरूरी हैं।
उन्होंने कहा, “सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन दूसरों की भावनाओं का भी सम्मान होना चाहिए।”
उन्होंने प्रोफेसर के शब्दों के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक विद्वान व्यक्ति सरल और तटस्थ भाषा का इस्तेमाल कर सकता था। अदालत ने ‘डॉग व्हिसलिंग’ शब्द का भी इस्तेमाल किया और कहा कि ऐसे संदेश समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं।
कुछ लोगों ने इसे जिम्मेदार अभिव्यक्ति की जरूरत बताया, जबकि आलोचकों ने कहा कि अदालत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित करने वाली भाषा इस्तेमाल कर रही है।
7. ‘ब्रेनलेस पीपल’ और फ्री स्पीच विवाद
जस्टिस सूर्यकांत मिश्रा के वो 8 बयान: मार्च 2025 में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया से जुड़े विवादित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में आपत्तिजनक कंटेंट का समर्थन करने वालों पर नाराजगी जताई।
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, “कुछ बिना दिमाग वाले लोग फ्रीडम ऑफ स्पीच का हवाला देते हुए ऐसे लोगों का बचाव कर रहे हैं, हमें उनसे भी निपटना आता है।”
पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के एक वर्ग ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर दबाव बनाने वाली टिप्पणी बताया। वहीं समर्थकों ने कहा कि अदालत समाज में जिम्मेदार अभिव्यक्ति की जरूरत पर जोर दे रही थी।
8. सबरीमाला मामले में तीखी टिप्पणी
2026 में सबरीमाला मंदिर मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली संवैधानिक पीठ ने मूल याचिका पर ही सवाल खड़े कर दिए। अदालत ने पूछा कि क्या याचिकाकर्ताओं को भगवान अयप्पा में आस्था थी।
जस्टिस सूर्यकांत ने टिप्पणी की कि “सुप्रीम कोर्ट को इस याचिका को कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए था।”
अदालत ने यह भी पूछा कि क्या ऐसे लोग, जिन्हें धार्मिक परंपरा में आस्था ही नहीं है, उन्हें सदियों पुरानी परंपराओं को चुनौती देने का अधिकार होना चाहिए।
पीठ ने कहा कि गैर-आस्तिक लोगों द्वारा धार्मिक परंपराओं को चुनौती देने का प्रश्न गंभीर है। अदालत ने यह भी कहा कि धर्म को सामाजिक सुधार के नाम पर पूरी तरह नष्ट नहीं किया जा सकता।
इस बयान को लेकर सेक्युलर और वामपंथी हलकों में बहस छिड़ गई, लेकिन परंपरागत धार्मिक समुदायों ने इसे आस्था और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा की दिशा में अहम टिप्पणी माना।
9. SC/ST आरक्षण में क्रीमी लेयर पर बड़ा सवाल
SC/ST आरक्षण में क्रीमी लेयर को बाहर करने वाली याचिकाओं की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने बड़ा सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, “अगर माता-पिता दोनों IAS अधिकारी हैं और परिवार पूरी तरह सक्षम हो चुका है, तो क्या उनके बच्चों को भी आरक्षण मिलता रहना चाहिए?”
अदालत ने कहा कि आरक्षण का लाभ समाज के सबसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई।
समर्थकों ने इसे “वास्तविक वंचितों के हक” की बात बताया, जबकि विरोधियों ने इसे SC/ST आरक्षण को कमजोर करने की कोशिश करार दिया।
जस्टिस सूर्यकांत के ये बयान सिर्फ अदालत की टिप्पणियां नहीं रहे, बल्कि उन्होंने देश में बड़े वैचारिक विमर्श को जन्म दिया।
समर्थकों का मानना है कि वे राष्ट्रहित, न्यायिक अनुशासन, विकास और सामाजिक जिम्मेदारी की बात करते हैं। वहीं आलोचक कहते हैं कि इस तरह की टिप्पणियां कई बार नागरिक अधिकारों, एक्टिविज्म और असहमति की आवाजों पर सवाल खड़े करती हैं।
हालांकि इतना तय है कि जस्टिस सूर्यकांत अपने बेबाक अंदाज और स्पष्ट विचारों के कारण भारतीय न्यायपालिका में एक अलग पहचान बना चुके हैं। उनके बयानों ने हर बार बहस छेड़ी है और यही कारण है कि वे लगातार सार्वजनिक चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें: सबरीमाला: सुप्रीम कोर्ट ने की सबरीमाला याचिका की कड़ी आलोचना

