अमरनाथ यात्रा के दौरान सड़क हादसा: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना हो गई।
यात्रा में शामिल वाहनों के काफिले में चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे 18 श्रद्धालु घायल हो गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
दो बसे आपस में भिड़ी
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 7:20 बजे चंदरकोट लंगर प्वाइंट के पास हुआ। अमरनाथ यात्रा का काफिला पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (JKRTC) की दो बसें आपस में भिड़ गईं।
टक्कर के बाद एक बस आगे चल रही कार से टकरा गई और कार भी आगे मौजूद एक निजी बस से जा भिड़ी। देखते ही देखते चार वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस का ब्रेक ठीक से काम नहीं करने के कारण यह हादसा हुआ।
हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
राहत दल ने सुरक्षित निकाला बाहर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और अन्य बचाव एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
राहत दल ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने सभी का इलाज किया और बताया कि किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं है।
सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रशासन ने घायल यात्रियों की यात्रा बाधित न हो, इसके लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की।
सभी श्रद्धालुओं को दूसरे वाहनों में बैठाकर उनके अगले पड़ाव के लिए रवाना कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं आने दी गई।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित
हादसे में घायल हुए 18 श्रद्धालुओं में से 10 लोगों की पहचान सामने आई है।
इनमें हर्ष राजपूत, विशाल गुप्ता, कानपुर निवासी पंकज सुवंकर, महाराष्ट्र के सुहास जीवन मोवाडे, भरत भूषण, विनोद कुमार, किरण, पवन कुमार, राजस्थान के गंगा सिन्हा और सीमा रानी शामिल हैं।
अन्य घायलों की जानकारी प्रशासन द्वारा एकत्र की जा रही है।
दुर्घटना के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस और सड़क परिवहन विभाग की टीमों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को जल्द ही साफ कर दिया।
इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से शुरू हो गई।
प्रशासन ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बल, मेडिकल टीमें और आपातकालीन सेवाएं तैनात हैं।
इस घटना के बाद यात्रा में शामिल वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

