22 राज्यों में बारिश का अलर्ट: देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने लगी हैं।
इन हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 राज्यों के लिए बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।
अगले चार दिनों तक भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मानसून काफी सक्रिय रहेगा। इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड,
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
दिल्ली और एनसीआर के लिए 30 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
31 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है।
इस दिन बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 1 अगस्त को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है।
राजस्थान में तेज बारिश का दौर
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के
कई जिलों में मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में इन जिलों पर रहेगा असर
उत्तर प्रदेश में भी मानसून की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। 30 और 31 जुलाई को पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
वहीं 2 से 4 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर बढ़ने की संभावना है।
मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बरेली में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बिहार में तेज हवाओं और बिजली का खतरा
बिहार में 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर लगी रोक
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा फिलहाल रोक दी गई है।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखने की अपील की है। 30 और 31 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।

