Window Ventilation: सर्दियों का मौसम आते ही कई शहरों में वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगती है। बाहर की हवा में धूल, धुआं और प्रदूषित कणों की मात्रा बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है।
ऐसे में ज्यादातर लोग बाहर की जहरीली हवा से बचने के लिए घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखते हैं। लेकिन क्या पूरे दिन घर को बंद रखना सही है?
दरअसल, घर के अंदर भी खाना पकाने, सफाई, धूल और दूसरे कारणों से हवा प्रदूषित हो सकती है।
इसलिए घर में वेंटिलेशन यानी हवा के आने-जाने की व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है। सवाल है कि प्रदूषण के मौसम में खिड़कियां खोलने और बंद रखने का सही समय क्या है?
प्रदूषण बढ़ने पर खिड़कियां कब बंद रखें?
जब आपके आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब या बहुत खराब श्रेणी में हो, तब घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखना बेहतर होता है।
इससे बाहर मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक कणों को घर के अंदर आने से कुछ हद तक रोका जा सकता है।
खासतौर पर सुबह और शाम के समय, जब आपके इलाके में प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो, तब खिड़कियां खोलने से बचें। हालांकि पूरे दिन घर को बंद रखना भी सही तरीका नहीं है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह के अनुसार, खराब से गंभीर प्रदूषण वाले दिनों में जरूरत पड़ने पर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच कुछ समय के लिए वेंटिलेशन किया जा सकता है, लेकिन ऐसा करने से पहले बाहर की वास्तविक वायु गुणवत्ता जरूर जांच लें।
घर के अंदर की हवा साफ रखने के लिए क्या करें?
बाहर का प्रदूषण कम होने का इंतजार करने के साथ घर के अंदर मौजूद प्रदूषण के स्रोतों को भी नियंत्रित करना जरूरी है। इसके लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं।
1. गीले कपड़े से करें सफाई: घर में झाड़ू लगाने से धूल के छोटे कण हवा में फैल सकते हैं। इसके बजाय फर्श और फर्नीचर को गीले कपड़े से साफ करें।
2. किचन में एग्जॉस्ट फैन चलाएं: खाना बनाते समय निकलने वाला धुआं और गैस घर की हवा को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए खाना पकाते समय एग्जॉस्ट फैन या चिमनी का इस्तेमाल करें।
3. धुआं पैदा करने वाली चीजों से बचें: घर के अंदर सिगरेट, अगरबत्ती, धूप और मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाने से हवा में प्रदूषक कण बढ़ सकते हैं। इनका इस्तेमाल सीमित रखें या इनसे बचें।
4. एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें: अगर आपके पास एयर प्यूरीफायर है, तो जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल करें। इसके फिल्टर की सफाई और समय पर बदलाव करना भी जरूरी है।
खिड़की खोलने से पहले जरूर देखें AQI
सर्दियों में खिड़कियां खोलने या बंद रखने का कोई एक समय सभी शहरों के लिए सही नहीं होता। इसका फैसला आपके इलाके की मौजूदा हवा की गुणवत्ता के आधार पर होना चाहिए।
रोजाना AQI चेक करें। अगर बाहर की हवा की गुणवत्ता अच्छी है, तो कुछ देर खिड़कियां खोलकर ताजी हवा आने दें। वहीं, प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर इन्हें बंद रखें।
इसके अलावा घर में किसी को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या आंखों में जलन हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें।
जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें। याद रखें, साफ हवा के लिए सिर्फ बाहर के प्रदूषण से बचना ही नहीं, बल्कि घर के अंदर की हवा को बेहतर बनाए रखना भी जरूरी है।

