Chhath Puja Thekua: बिहार और झारखंड की पारंपरिक मिठाइयों में ठेकुआ का खास स्थान है। छठ पूजा हो या कोई दूसरा त्योहार, गुड़ और सौंफ की खुशबू से तैयार यह देसी मिठाई हर किसी को पसंद आती है।
गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बनने वाला ठेकुआ स्वाद में लाजवाब होता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक ठेकुआ खाने से शरीर को कितनी कैलोरी मिलती है?
खासकर अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं या अपनी डाइट को लेकर सतर्क हैं, तो इसकी जानकारी होना जरूरी है। आइए जानते हैं एक ठेकुए में कितनी कैलोरी होती हैं और इसे किस तरह बनाना बेहतर है।
एक ठेकुए में कितनी होती हैं कैलोरी?
ठेकुए में मौजूद कैलोरी उसके आकार, सामग्री और बनाने के तरीके पर निर्भर करती है। आमतौर पर 35 से 40 ग्राम वजन वाले एक ठेकुए में लगभग 160 से 220 कैलोरी हो सकती हैं।
गेहूं का आटा इसमें कार्बोहाइड्रेट देता है, जबकि गुड़ मिठास के साथ कैलोरी बढ़ाता है।
इसके अलावा घी भी इसकी कुल कैलोरी में योगदान देता है। इसलिए छोटा दिखने वाला ठेकुआ भी ऊर्जा का अच्छा स्रोत हो सकता है।
डीप फ्राई या एयर फ्रायर, कौन-सा ठेकुआ बेहतर?
परंपरागत तरीके से ठेकुआ तेल या घी में डीप फ्राई किया जाता है। इस दौरान यह कुछ मात्रा में फैट सोख सकता है। ऐसे में एक सामान्य ठेकुए में करीब 160 से 220 कैलोरी हो सकती हैं।
दूसरी तरफ, एयर फ्रायर में बहुत कम तेल या घी इस्तेमाल करके ठेकुआ बनाया जा सकता है। इस तरीके से तैयार एक ठेकुए में लगभग 120 से 170 कैलोरी हो सकती हैं।
यानी एयर फ्रायर का विकल्प अतिरिक्त तेल और कैलोरी कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसमें इस्तेमाल होने वाले आटे, गुड़ और घी की कैलोरी बनी रहती है।
एयर फ्रायर में ऐसे बनाएं ठेकुआ
इसके लिए एक कप गेहूं का आटा, आधा कप गुड़, 2 से 3 चम्मच घी, थोड़ी सौंफ और जरूरत के अनुसार पानी लें।
सबसे पहले गुड़ को गुनगुने पानी में घोल लें। अब एक बर्तन में आटा, सौंफ और घी मिलाएं। धीरे-धीरे गुड़ का पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें।
इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर ठेकुए का आकार दें। चाहें तो सांचे से डिजाइन बना सकते हैं। एयर फ्रायर को 160 से 170 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें।
ठेकुओं पर हल्का घी लगाकर बास्केट में रखें और 10 से 15 मिनट तक पकाएं। बीच में एक बार पलट दें, ताकि दोनों तरफ अच्छी तरह सिक जाएं। समय ठेकुए के आकार और मशीन के अनुसार बदल सकता है।
वजन घटाने वाले कितने ठेकुए खाएं?
वजन कम करने के दौरान ठेकुआ पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। कभी-कभार एक छोटा ठेकुआ खाने से आपकी पूरी डाइट खराब नहीं होती।
हालांकि, रोजाना ज्यादा मात्रा में खाने से बचना चाहिए। कम तेल में बना एयर फ्रायर वाला विकल्प चुन सकते हैं। साथ ही गुड़ और घी की मात्रा भी सीमित रखें।

