Friday, June 19, 2026

पाकिस्तान के लिए जासूसी करता था आरोपी, आर्मी एरिया से युवक गिरफ्तार

पाकिस्तान के लिए जासूसी करता था आरोपी: राजस्थान के अलवर जिले की ईटाराणा सैन्य छावनी (कैंट एरिया) से सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान जोधपुर निवासी 20 वर्षीय कुंदन विश्नोई के रूप में हुई है।

सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि वह पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) के लिए सक्रिय एजेंट की तरह काम कर रहा था और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था।

गोपनीय सूचनाओं के बदले मिलती थी फंडिंग

जांच एजेंसियों के अनुसार, कुंदन सेना की छावनी और आसपास के संवेदनशील इलाकों की जानकारी पाकिस्तान भेजता था। इसके बदले उसे नियमित रूप से आर्थिक मदद मिलती थी।

आरोप है कि इसी पैसे का इस्तेमाल वह सैन्य छावनी में रहने वाले स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संपर्क बढ़ाने और उनसे जानकारियां जुटाने के लिए करता था।

एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल थे।

छात्रा से बातचीत करते समय हुआ शक

सूत्रों के मुताबिक, कुंदन ने ईटाराणा सैन्य छावनी में रहने वाले एक युवक से दोस्ती की थी, जिसके जरिए उसने कैंप परिसर में आना-जाना शुरू किया।

रविवार रात वह कैंट एरिया के अंदर एक छात्रा से बातचीत कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद सेना के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की गई।

आर्मी इंटेलिजेंस ने संभाला मामला

मामला गंभीर प्रतीत होने पर आर्मी इंटेलिजेंस ने तुरंत अलवर के एमआईए थाना पुलिस को सूचना दी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उसे थाने लाया गया।

इसके बाद आईबी (IB), सीआईडी (CID) और अन्य खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने उससे पूछताछ शुरू की।

एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं।

इंस्टाग्राम के जरिए बनाता था संपर्क

जांच में यह भी सामने आया है कि कुंदन सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए स्कूल और कॉलेज की छात्राओं से दोस्ती करता था।

वह पहले उनसे सामान्य बातचीत करता और फिर उनका विश्वास जीतने की कोशिश करता था।

सूत्रों का दावा है कि वह लड़कियों के जन्मदिन पर महंगे गिफ्ट भी भेजता था, ताकि उनसे करीबी संबंध बनाकर ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल की जा सके।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भेजी थीं सूचनाएं

खुफिया सूत्रों के अनुसार, जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कुंदन ने कई अहम और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेजी थीं।

हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। एजेंसियां उसके कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री और विदेशी संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं।

बड़े नेटवर्क का हो सकता है खुलासा

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां कुंदन से लगातार पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे जासूसी नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।

अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने कहा है कि विभिन्न एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article