Monday, September 7, 2026

सासाराम डबल मर्डर: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे कपल की गोली मारकर हत्या

सासाराम डबल मर्डर: एक घर में दो लोग कई सालों से साथ रह रहे थे लेकिन रविवार की रात उसी घर में ऐसा क्या हुआ कि सुबह होते-होते पूरा गांव सन्न रह गया?

आधी रात गोलियों की आवाज से बेदा गांव का सन्नाटा टूट गया। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो मणि भूषण कुमार और ननकी देवी की मौत हो चुकी थी।

दोनों को गोली मारी गई थी। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

घर में घुसकर की गई फायरिंग

मामला बिहार के रोहतास जिले के सासाराम का है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाश एक घर में दाखिल हुए।

बताया जा रहा है कि उस समय मणि भूषण कुमार और ननकी देवी घर में मौजूद थे। बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग घर की ओर दौड़े। हालांकि, तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे।

दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद किए हैं।

कई साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों

मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार और ननकी देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक,

मणि भूषण कुमार अविवाहित थे और पिछले कई वर्षों से ननकी देवी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। ननकी देवी के बच्चे भी उनके साथ इसी घर में रहते थे।

दोनों लंबे समय से एक साथ रह रहे थे। यही वजह है कि पुलिस अब उनके निजी और पारिवारिक संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि हत्या की वजह तक पहुंचा जा सके।

बेटे ने भागते हुए देखा आरोपी

वारदात के बाद ननकी देवी के बेटे अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने एक व्यक्ति को घर से भागते हुए देखा था।

हालांकि, रात का अंधेरा होने के कारण वह उसका चेहरा साफ नहीं देख सका। ऐसे में वह आरोपी की पहचान नहीं कर पाया।

अभिषेक के बयान को पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमलावर किस रास्ते से आए और फरार हुए।

मौके पर पहुंचे रोहतास एसपी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article