Sunday, September 13, 2026

Rajasthan: दुबई-पाकिस्तान कनेक्शन का हुआ खुलासा, नाले में मिला शव

Rajasthan: मुंडावर क्षेत्र के पेहल गांव से रसगन जाने वाले मुख्य मार्ग पर खुलेआम दुर्घटना को न्योता देने वाला कार्य किया जा रहा है। एलएनटी कंपनी द्वारा सड़क से मात्र एक-दो फीट की दूरी पर भारी-भरकम विद्युत पोल और लोहे के टावर गाड़ दिए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह मामला खासतौर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने मैन बस स्टैंड और एक खतरनाक मोड़ पर है, जहां स्थिति बेहद चिंताजनक है। इसके अलावा, मुंडावर सड़क मार्ग पर सरकार अस्पताल के सामने भी बिजली के पोल सड़क किनारे लगाए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार उन्होंने PWD और विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी, लेकिन दोनों विभागों ने गंभीरता से नहीं लिया। आश्चर्य की बात है कि दोनों विभागों के अधिकारी रोज़ इस मार्ग से कार्यालय आते-जाते हैं, फिर भी स्थिति को नजरअंदाज किया जा रहा है।

Rajasthan: दुबई-पाकिस्तान कनेक्शन का हुआ खुलासा

डीडवाना थाना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े बड़े गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के तार दुबई और पाकिस्तान तक जुड़े हुए हैं, जहां से इन्हें सीधे आदेश और सप्लाई मिलती है।

थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह कमांडो और उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में पाकिस्तान से मंगवाए गए अवैध हथियार और ड्रग्स जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह का संचालन दुबई में बैठा एक सरगना करता है, जो अपने गुर्गों के जरिए भारत के विभिन्न राज्यों में अवैध हथियार और ड्रग्स की आपूर्ति करवाता है।

बरसाती नाले में सफाई के दौरान मिला शव, फैली सनसनी

शहर में चल रही नाले की सफाई के दौरान एक युवक का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुम्हारवाड़ा निवासी सुनील राणा के रूप में हुई है। दरअसल नगरपालिका द्वारा इन दिनों शहर के बरसाती नालों की सफाई का कार्य किया जा रहा है।

इसी दौरान एक नाले में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और मोर्चरी भिजवाया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक की डूबने से मौत हुई है।

अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत शिविरों का आयोजन

राज्य सरकार के निर्देशानुसार डीग जिले में प्रतिदिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत सभी पंचायत समितियों की चिन्हित ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में डीग तहसील के ग्राम इकलेरा में भी एक शिविर आयोजित किया गया,

जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। तहसीलदार नितेश गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक शिविर में आने वाले व्यक्ति को सम्मानपूर्वक सुना जाए और उनकी समस्या का त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनकल्याण योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक

कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के 58वें जन्मदिन को कांग्रेस कार्यकर्ता ‘रक्तदान दिवस’ के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर दो दिवसीय रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

शहर जिला कांग्रेस महासचिव प्रशांत सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी प्रहलाद गुंजल के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी हो जाती है।

ऐसे में यह शिविर जरूरतमंद मरीजों, विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए जीवनदायी सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविरों के साथ-साथ सेवा कार्यों की भी रूपरेखा तैयार की गई है।

कार्यकर्ताओं द्वारा गोशालाओं में गायों को हरा चारा खिलाना, कबूतरों को दाना डालना, वृक्षारोपण, तथा अस्पतालों में फल वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

पत्रकारों की कलम की शाही सुखा दी गई थी- स्मृति ईरानी

देश में 25 जून 1975 को लगी आपातकाल की वर्षगांठ पर बीकानेर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित देश की पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इमरजेंसी के काले दिनों को याद करते हुए कहा कि “उस समय पत्रकारों की कलम की शाही सुखा दी गई थी,

विरोध करने वालों को जेल में डाल दिया जाता था, और लाखों नागरिकों को जबरन गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर में जबरन नसबंदी जैसी अमानवीय घटनाएं भी हुईं, और कई लोग जेल से लापता हो गए।

यह बातें स्मृति ईरानी ने बीकानेर नगर भाजपा द्वारा रविंद्र रंगमंच पर आयोजित ‘इमरजेंसी स्मृति विचार गोष्ठी’ में कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इमरजेंसी काल के बीकानेर के 33 पीड़ितों का सम्मान भी किया।

सिरोही में टीबी कार्यक्रम का निरीक्षण

कमला नेहरू टीबी डेमोंस्ट्रेशन सेंटर, अजमेर के डायरेक्टर डॉ. इंदरजीत सिंह ने सिरोही जिले का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने जिले में संचालित टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, चिकित्सा सेवाओं और निक्षय पोर्टल की प्रगति की गहन समीक्षा की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि दौरे के पहले दिन डॉ. सिंह ने जिला अस्पताल शिवगंज, साथ ही कई सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, दवाओं की उपलब्धता और केंद्रों की व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला टीबी अधिकारी डॉ. विवेक जोशी भी उनके साथ उपस्थित रहे।

कोटा पार्किंग में मनमानी वसूली का मामला

कोटा शहर के मल्टीपरपज स्कूल के पास स्थित पार्किंग में कई दिनों से पार्किंग रसीद मशीन खराब पड़ी है। इसका फायदा उठाकर पार्किंग ठेकेदार और उनके कर्मचारी मनमाने तरीके से शुल्क वसूल कर रहे हैं। गुमानपुरा और शॉपिंग सेंटर आने वाले आम राहगीर इस मनमानी वसूली के कारण वहां वाहन खड़ा करने से कतरा रहे हैं।

स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं एडवोकेट कुंज बिहारी सिंगला मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने ठेका कर्मियों से जवाब मांगा, तो उनका रवैया अभद्र और दबंगई भरा रहा। इस मामले को लेकर जब यूआईटी सचिव व उपसचिव से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सिंगला ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर सूचना पट्टिका और शुल्क सूची नहीं लगाई गई, तो UIT अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से हो रही इस अवैध वसूली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

सूबेदार लक्ष्मीनारायण का करंट लगने से निधन

डीग उपखंड के गांव महमदपुर निवासी सूबेदार लक्ष्मीनारायण की मथुरा स्थित मकान पर करंट लगने से दुखद मृत्यु हो गई। तहसीलदार ने बताया कि लक्ष्मीनारायण 837 फ्री वर्कशॉप, EME की 636वीं बटालियन ग्वालियर में हैड क्लर्क के पद पर तैनात थे। वे छुट्टियों के दौरान मथुरा स्थित अपने मकान पर आए हुए थे,

जहां यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद उनका शव देर रात उनके पैतृक गांव महमदपुर लाया गया, जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही डीग तहसीलदार नितेश गोयल मौके पर पहुंचे।

गांव में स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों और सेना के जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के जवानों द्वारा सूबेदार लक्ष्मीनारायण को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। अंतिम संस्कार में उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।

आबादी वाले इलाकों में भालू की दस्तक

चित्तौड़गढ़ शहर और उसके आसपास के इलाकों में भालू की मौजूदगी ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया। चित्तौड़ दुर्ग, बूंदी रोड, मानपुरा और भोई खेड़ा जैसे इलाकों में भालू देखे जाने की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों ने भालू के फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं, जिससे यह खबर इलाके में तेजी से फैल गई।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह इलाके पूरी तरह आबादी के नजदीक हैं। खेतों और रिहायशी क्षेत्रों के पास भालू की मौजूदगी से लोगों में डर और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे भालू से दूरी बनाए रखें, उसे उत्तेजित न करें क्योंकि ऐसी स्थिति में भालू आक्रामक हो सकता है और हमला भी कर सकता है।

यह भी पढ़ें: Rajasthan: राजस्थान में चल रहा धर्मांतरण का खेल, मंजा की आत्महत्या ने सुलझायी गुत्थी

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article