नक्सली ढ़ेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार 29 जनवरी 2026 की सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो इनामी नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ जिले के दक्षिणी क्षेत्र में पामेड़ इलाके के कवरगुट्टा गांव के पास जंगल में सुबह करीब सात बजे शुरू हुई।
खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके की पहाड़ियों में पामेड़ एरिया कमेटी से जुड़े हथियारबंद माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर बुधवार 28 जनवरी 2026 की शाम सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।
मुठभेड़ के बाद दो शव बरामद
गोलीबारी थमने के बाद सुरक्षा बलों ने मौके से प्रदीप उर्फ जोगा और भीमा वेको के शव बरामद किए। दोनों नक्सली लंबे समय से सक्रिय थे और क्षेत्र में कई हिंसक घटनाओं तथा आम नागरिकों की हत्याओं में उनकी संलिप्तता बताई गई है।
मृत नक्सलियों पर घोषित था इनाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदीप उर्फ जोगा पर पांच लाख रुपये और भीमा वेको पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों नक्सली सुरक्षा बलों के लिए वांछित थे और बीजापुर तथा आसपास के इलाकों में नक्सली गतिविधियों में अहम भूमिका निभा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों की सराहना की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अभियान को बड़ी सफलता बताते हुए सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के मार्गदर्शन तथा राज्य की डबल इंजन सरकार के सुशासन से बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

