Sunday, April 26, 2026

Everest Conqueror: राजस्थान की बेटी ने एवरेस्ट फतह कर रचा इतिहास, ‘सागरमाथा’ विजेता बनीं गीता समोटा

Mount Everest Conqueror: राजस्थान के सीकर जिले की निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की महिला उप निरीक्षक गीता समोटा ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,849 मीटर) पर सफल चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। गीता यह उपलब्धि हासिल करने वाली CISF की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।

यह चढ़ाई उन्होंने सोमवार, 19 मई की सुबह पूरी की, जब वे ‘दुनिया की छत’ पर खड़ी थीं। यह क्षण केवल एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे भारत और विशेष रूप से CISF बल के लिए गौरव का प्रतीक बन गया।

सीकर की बेटी ने कर दिखाया कारनामा

सीकर जिले के चक गांव से ताल्लुक रखने वाली गीता समोटा 4 बहनों वाले एक साधारण परिवार से आती हैं। पारंपरिक ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी गीता ने स्कूली और कॉलेज शिक्षा स्थानीय संस्थानों से प्राप्त की।

वह बचपन से ही खेलों में रूचि रखने वाली गीता एक होनहार हॉकी खिलाड़ी थीं, लेकिन एक गंभीर चोट ने उनका खेल करियर बीच में रोक दिया। उसी मोड़ ने उन्हें एक नई राह पर ले जाने का रास्ता खोला, जो उन्हें सीआईएसएफ और फिर पर्वतारोहण की ऊंचाइयों तक ले गया।

साल 2011 में CISF में शामिल होने के बाद गीता ने देखा कि बल में पर्वतारोहण की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं हुआ था। इस चुनौती को उन्होंने एक अवसर के रूप में लिया। साल 2015 में उन्हें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के औली स्थित संस्थान में पर्वतारोहण की बेसिक ट्रेनिंग के लिए चुना गया।

जहां वे अपने बैच की एकमात्र महिला थीं। इसके बाद 2017 में उन्होंने उन्नत पर्वतारोहण प्रशिक्षण पूरा किया और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली CISF कर्मी बनीं।

गीता समोटा की पर्वतारोहण यात्राएं

उप निरीक्षक गीता समोटा की पर्वतारोहण यात्राएं यहीं नहीं रुकीं। साल 2019 में उन्होंने उत्तराखंड की माउंट सतोपंथ (7,075 मीटर) और नेपाल की माउंट लोबुचे (6,119 मीटर) पर चढ़ाई की और CISF की पहली महिला पर्वतारोही बनीं, जिसने यह उपलब्धि हासिल की।

साल 2021 में एवरेस्ट के लिए CISF का एक अभियान रद्द हो गया, लेकिन गीता ने हार नहीं मानी और ‘सेवन समिट्स’ की चुनौती को अपना अगला लक्ष्य बना लिया।

6 माह 27 दिन में 4 महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियां की फतह

गीता समोटा ने ऑस्ट्रेलिया की माउंट कोसियस्जको, रूस की माउंट एल्ब्रस, तंजानिया की माउंट किलिमंजारो और अर्जेंटीना की माउंट एकॉनकागुआ पर सफल चढ़ाई कर मात्र 6 महीने और 27 दिनों में 4 महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह किया।

यह उन्हें भारत की सबसे तेज ‘सेवन समिट्स’ पर्वतारोही महिलाओं में शामिल करता है। इसके अलावा लद्दाख में तीन दिन में पांच चोटियां फतह कर उन्होंने एक और अनूठा गीता समोटा को दिल्ली महिला आयोग और नागरिक उड्डयन मंत्रालय सहित कई संस्थानों से सम्मानित किया जा चुका है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article