Bug Bite: मच्छर, मक्खी, चींटी या किसी दूसरे कीड़े के काटने के बाद खुजली होना बहुत आम बात है।
ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे उस जगह को खुजलाने लगते हैं क्योंकि इससे कुछ समय के लिए राहत महसूस होती है,
लेकिन नई रिसर्च बताती है कि यह राहत केवल थोड़ी देर की होती है।
बार-बार खुजलाने से खुजली कम होने की बजाय और बढ़ सकती है। साथ ही सूजन, जलन और त्वचा को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ जाता है।
इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कीड़े के काटने वाली जगह को जितना हो सके खुजलाने से बचना चाहिए।
खुजलाने से क्यों बढ़ जाती है परेशानी?
डॉक्टर लंबे समय से लोगों को यह सलाह देते आए हैं कि एलर्जी या कीड़े के काटने वाली जगह को बार-बार नहीं खुजलाना चाहिए।
अब वैज्ञानिकों ने इसकी वजह भी समझ ली है। हाल ही में हुई एक रिसर्च में पाया गया कि जब हम खुजलाते हैं तो शरीर की इम्यून सिस्टम जरूरत से ज्यादा सक्रिय हो जाती है।
इसके कारण प्रभावित हिस्से में सूजन और खुजली बढ़ने लगती है। यानी जो काम हमें राहत देने वाला लगता है, वही समस्या को और गंभीर बना सकता है।
रिसर्च में क्या सामने आया?
यह रिसर्च अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग के डॉक्टर और उनकी टीम ने की।
इस अध्ययन में चूहों की त्वचा पर ऐसा पदार्थ लगाया गया जिससे एलर्जी जैसी प्रतिक्रिया हुई।
रिसर्च के दौरान जिन चूहों ने अपनी त्वचा को खुजलाया, उनमें सूजन पैदा करने वाली इम्यून कोशिकाएं तेजी से उस जगह पहुंच गईं।
इसके कारण सूजन और ज्यादा बढ़ गई। वहीं जिन चूहों को खुजलाने से रोका गया, उनमें सूजन काफी कम देखी गई।
इस अध्ययन से साफ हुआ कि खुजलाने से शरीर की प्रतिक्रिया और तेज हो जाती है, जिससे खुजली लंबे समय तक बनी रह सकती है।
अगर खुजलाएं नहीं तो क्या होगा?
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मच्छर या किसी कीड़े के काटने के बाद उस जगह को बिल्कुल न खुजलाया जाए,
तो ज्यादातर लोगों में 5 से 10 मिनट के अंदर खुजली धीरे-धीरे कम होने लगती है।
लेकिन अगर उसी जगह को बार-बार खुजलाया जाए, तो छोटा-सा दाना कई दिनों तक बना रह सकता है।
इसके अलावा त्वचा लाल हो सकती है, जलन बढ़ सकती है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।
खुजलाने पर शरीर में क्या होता है?
रिसर्च में यह भी पता चला कि जब हम खुजलाते हैं तो शरीर की दर्द महसूस करने वाली नसें सक्रिय हो जाती हैं।
इसके बाद शरीर में सब्सटेंस पी नाम का एक केमिकल मैसेंजर निकलता है।
यह केमिकल त्वचा में मौजूद मास्ट सेल्स को सक्रिय कर देता है। इसके बाद ये कोशिकाएं हिस्टामिन जैसे रसायन छोड़ती हैं, जो खुजली और सूजन दोनों को बढ़ा देते हैं।
यही वजह है कि खुजलाने के तुरंत बाद थोड़ी राहत महसूस होती है, लेकिन कुछ समय बाद खुजली पहले से ज्यादा होने लगती है।
क्या खुजलाने का कोई फायदा भी है?
वैज्ञानिकों का कहना है कि हल्का-सा खुजलाने से शरीर को एक छोटा फायदा भी मिल सकता है।
रिसर्च में देखा गया कि जिन चूहों ने खुजलाया, उनकी त्वचा पर कुछ बैक्टीरिया की संख्या कम थी।
माना जा रहा है कि खुजलाने से होने वाली हल्की सूजन शरीर को कुछ हानिकारक बैक्टीरिया से लड़ने में मदद कर सकती है।
हालांकि विशेषज्ञ साफ कहते हैं कि यह फायदा इतना बड़ा नहीं है कि बार-बार खुजलाने की आदत को सही माना जाए।
इससे नुकसान ज्यादा और फायदा बहुत कम होता है।
खुजली होने पर क्या करें?
अगर मच्छर, मक्खी या किसी दूसरे कीड़े के काटने के बाद बहुत ज्यादा खुजली हो रही है, तो नाखूनों से खुजलाने की बजाय कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं।
प्रभावित जगह पर ठंडी पट्टी रखने से राहत मिल सकती है। इसके अलावा हाइड्रोकार्टिसोन क्रीम, कैलामाइन लोशन या मेंथॉल युक्त एंटी-इच क्रीम का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के अनुसार किया जा सकता है।
ये उत्पाद खुजली कम करने के साथ त्वचा को नुकसान से भी बचाते हैं।
अगर काटने वाली जगह पर बहुत ज्यादा सूजन, तेज दर्द, पस, बुखार या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्या हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए क्योंकि यह गंभीर एलर्जी या संक्रमण का संकेत हो सकता है।

