Saturday, July 11, 2026

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 लोगों की मौत, दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी: वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने से बड़ा हादसा हो गया।

इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

घटना के बाद भारतीय दूतावास ने तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों पर नजर बनाए रखी है।

साथ ही प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

फु क्वोक द्वीप के पास हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ओशन पियर आइलैंड कंपनी की एक स्पीडबोट पर्यटकों को लेकर होन मय रुट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी।

यह क्षेत्र फु क्वोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

दोपहर करीब एक बजे के आसपास नाव अचानक संतुलन खो बैठी और समुद्र में पलट गई। नाव में मौजूद सभी 36 यात्री पानी में गिर गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाओं ने बचाव अभियान शुरू कर दिया और लोगों को समुद्र से निकालने का प्रयास किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में सामने आईं कई चुनौतियां

बचाव कार्य में शामिल एक नाव संचालक ने बताया कि उनकी टीम महज पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थी।

हालांकि, कई यात्री नाव के अंदर ही फंस गए थे, जिसके कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय इलाके में बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन समुद्र की लहरें काफी ऊंची और तेज थीं।

यही वजह रही कि बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। समुद्र में अन्य पर्यटक नौकाएं मौजूद होने के कारण शुरुआती सहायता जल्दी मिल सकी, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

21 लोगों की जान बची, 15 की मौत

एन थोई बॉर्डर गार्ड ने राहत कार्य के लिए तुरंत दो जहाज और 35 अधिकारियों एवं जवानों को घटनास्थल पर भेजा।

नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्पीडबोट में सवार सभी 36 लोगों को समुद्र से बाहर निकाल लिया गया।

इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

भारतीय दूतावास लगातार रख रहा है नजर

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

दूतावास ने स्पष्ट किया कि घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा रही है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

दूतावास ने यह भी कहा कि बचाव और राहत कार्य पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

परिवारों की मदद के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम

हादसे के बाद भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414 इसके अलावा हनोई में भी एक अलग कंट्रोल रूम बनाया गया है।

यहां सहायता प्राप्त करने के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है: +84 91 308 9165.

भारतीय दूतावास ने कहा है कि किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या आपात स्थिति में प्रभावित परिवार इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सभी भारतीय नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article