बलरामपुर लिंचिंग मामला: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ गैसड़ी थाना क्षेत्र के ठकुरापुर गाँव में चोरी के संदेह में 38 वर्षीय दलित मजदूर राम सनेही की बर्बरतापूर्वक पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
सोशल मीडिया पर घटना का खौफनाक वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अकबर अली समेत एक 14 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
खंभे से बांधकर की गई बर्बरता
विशुनपुर कलां गाँव के निवासी राम सनेही मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना वाली रात ठकुरापुर गाँव में अकबर अली और उसके साथियों ने कथित चोरी के प्रयास के शक में राम सनेही को पकड़ लिया।
इसके बाद उन्हें बिजली के खंभे से उल्टा बाँधकर लाठी-डंडों से तब तक पीटा गया जब तक कि वे अचेत नहीं हो गए।
वायरल वीडियो में पीड़ित लगातार रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने बेरहमी से प्रहार जारी रखा।
नहर किनारे मिला शव, वीडियो से खुली पोल
बलरामपुर लिंचिंग मामला: अत्याचार की इस हद के बाद आरोपियों ने पीड़ित को अधमरी हालत में नहर किनारे फेंक दिया, जहाँ 11 अगस्त की सुबह उनका शव बरामद हुआ। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई फूल कुमार को जब सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो मिला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर साक्ष्य सौंपे, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की गहन जाँच शुरू हुई।
हत्या और SC/ST एक्ट में केस दर्ज, कानूनी कार्रवाई तेज
बलरामपुर लिंचिंग मामला: परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अकबर अली, उसके बेटे गुड्डू और अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है और पकड़े गए 14 वर्षीय आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड के नियमों के तहत प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस इस पहलू की भी बारीकी से जाँच कर रही है कि मामला केवल चोरी के शक का था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।
ये भी पढ़ें: हरियाली तीज पर बांके बिहारी के अलौकिक दर्शन, सोने-चांदी के झूले में विराजे ठाकुरजी

