Wednesday, May 27, 2026

गाजा में इजरायल का बड़ा हमला, हमास के नए सैन्य प्रमुख मोहम्मद ओदेह ढेर

गाजा में इजरायल का बड़ा हमला: गाजा पट्टी में इजरायल ने एक बार फिर बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए हमास के नए सैन्य प्रमुख मोहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा किया है।

इजरायली रक्षा मंत्री इजराय कॉटेज ने बुधवार 27 मई की सुबह इस ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि हमास के एक और बड़े कमांडर को खत्म कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद औदेह को पिछले सैन्य प्रमुख की मौत के बाद महज 11 दिन पहले ही हमास की सैन्य शाखा की कमान सौंपी गई थी।

इजरायली सेना ने किया हमला

इजरायली सेना के मुताबिक यह हवाई हमला मंगलवार 26 मई की शाम पश्चिमी गाजा सिटी के रिमल इलाके में किया गया।

सेना और खुफिया एजेंसी शिन बेट कई महीनों से मोहम्मद औदेह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं।

जैसे ही उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी मिली, इजरायली वायुसेना ने सटीक हमला कर पूरे ठिकाने को तबाह कर दिया।

इजरायली अधिकारियों का दावा है कि हमले में औदेह की मौके पर ही मौत हो गई।

एयरस्ट्राइक में तीन लोगों की मौत

गाजा के स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस हमले में मोहम्मद औदेह की पत्नी और उसके बेटों की भी जान चली गई।

हालांकि इस बारे में आधिकारिक तौर पर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।

गाजा की रेस्क्यू एजेंसी ने बताया कि एयरस्ट्राइक में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं।

घायलों में कई आम नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस कार्रवाई के बाद कहा कि 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले में शामिल हर व्यक्ति को ढूंढ़कर खत्म किया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि इजरायल तब तक कार्रवाई जारी रखेगा जब तक हमास की सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती।

नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना और खुफिया एजेंसियां लगातार ऐसे ऑपरेशन चला रही हैं, जिनका उद्देश्य हमास के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाना है।

इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने दावा किया कि मोहम्मद औदेह हमास का चौथा बड़ा कमांडर था जिसे हाल के महीनों में मार गिराया गया है।

उन्होंने कहा कि इजरायल किसी भी कीमत पर अपने नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।

काट्ज ने चेतावनी दी कि जो भी इजरायल के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे इसी तरह अंजाम भुगतना पड़ेगा।

कई इमारतों को नुकसान

गाजा में लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। रिमल इलाके में हुए ताजा हमले के बाद आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।

कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विस्फोट इतना जोरदार था कि दूर-दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी।

विशेषज्ञों का मानना है कि हमास के नए सैन्य प्रमुख की मौत संगठन के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।

हालांकि पिछले अनुभव बताते हैं कि हमास ऐसे हमलों के बाद तेजी से नए कमांडर नियुक्त करता रहा है।

वहीं इजरायल का कहना है कि उसकी कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक गाजा से होने वाले हमलों का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article