Wednesday, August 12, 2026

Japan Tour Package: IRCTC के साथ 10 दिन घूमिए जापान, जानें कैसे

Japan Tour Package: जापान की यात्रा का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। अगर आप पहली बार जापान जाने की तैयारी कर रहे हैं और फ्लाइट, होटल, घूमने की जगहों और लोकल ट्रांसपोर्ट की अलग-अलग व्यवस्था नहीं करना चाहते, तो IRCTC का जापान टूर पैकेज आपके काम आ सकता है।

इस पैकेज में जापान के कई बड़े शहरों और मशहूर पर्यटन स्थलों को एक ही यात्रा में शामिल किया गया है।

IRCTC की ओर से तैयार यह टूर 10 दिन और 9 रातों का है। यात्रा 6 सितंबर को दिल्ली से शुरू होगी, जबकि 15 सितंबर को यात्री वापस लौटेंगे।

इस दौरान टोक्यो से लेकर हाकोने, क्योटो, ओसाका, नारा और हिरोशिमा तक की यात्रा कराई जाएगी।

कितने पैसे खर्च होंगे?

इस जापान ट्रिप के लिए यात्रियों को कमरे में रहने के विकल्प के अनुसार अलग-अलग रकम चुकानी होगी। तीन लोगों के साथ एक कमरा शेयर करने पर प्रति व्यक्ति 3,45,999 रुपये खर्च होंगे।

दो लोगों के लिए कमरे की व्यवस्था लेने पर कीमत 3,49,999 रुपये प्रति व्यक्ति होगी। वहीं अकेले कमरे में ठहरने वाले यात्री को 4,73,999 रुपये देने होंगे।

बच्चों के लिए भी अलग पैकेज उपलब्ध है। 5 से 11 साल की उम्र के बच्चे के लिए बेड के साथ शुल्क 2,92,499 रुपये है, जबकि बिना बेड के विकल्प में 2,63,999 रुपये देने होंगे।

टिकट से लेकर होटल तक कई सुविधाएं

इस टूर की खासियत यह है कि यात्रियों को कई जरूरी सेवाओं के लिए अलग से व्यवस्था नहीं करनी होगी।

पैकेज में दिल्ली से जापान आने-जाने की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट शामिल है।

रहने के लिए फोर-स्टार होटल उपलब्ध कराया जाएगा। जापान का टूरिस्ट वीजा हासिल करने से जुड़ी फीस भी पैकेज में जोड़ी गई है।

इसके साथ हर दिन सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का भोजन दिया जाएगा।

एयरपोर्ट से होटल तक ट्रांसफर और जापान में घूमने के लिए एसी कोच की सुविधा भी मिलेगी। पैकेज में लागू टैक्स शामिल हैं।

70 साल से कम उम्र के यात्रियों को ट्रैवल इंश्योरेंस और टूर के दौरान अंग्रेजी बोलने वाला गाइड भी उपलब्ध कराया जाएगा।

टोक्यो में होगी यात्रा की शुरुआत

जापान पहुंचने के बाद सफर टोक्यो से शुरू होगा। देश की राजधानी में यात्रियों को पुराने जापान की झलक के साथ आधुनिक शहर का अनुभव भी मिलेगा।

टूर के कार्यक्रम में असाकुसा टेंपल, नाकामिसे शॉपिंग स्ट्रीट, उएनो पार्क, ओडाइबा और TeamLab Planets जैसे स्थान रखे गए हैं।

माउंट फूजी को करीब से देखने की चाह रखने वाले यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है।

मौसम ठीक रहा तो फिफ्थ स्टेशन तक जाने का कार्यक्रम होगा। खराब मौसम की स्थिति में इस जगह की बजाय ओशिनो हक्काई का दौरा कराया जाएगा।

हाकोने में रोपवे और क्रूज का मजा

टोक्यो के बाद यात्रा हाकोने की तरफ बढ़ेगी। यह इलाका अपने पहाड़ी नजारों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है।

यहां ओवाकुदानी वैली देखने के साथ हाकोने रोपवे की सवारी भी कराई जाएगी।

इसके अलावा लेक आशी में पाइरेट शिप क्रूज का अनुभव मिलेगा। जापान की तकनीकी उपलब्धियों में दिलचस्पी रखने वाले यात्रियों के लिए टोयोटा म्यूजियम और SCMAGLEV रेलवे म्यूजियम भी यात्रा का हिस्सा हैं।

क्योटो में दिखेगी जापान की पुरानी संस्कृति

टूर का अगला बड़ा पड़ाव क्योटो होगा। जापान के इस शहर में ऐतिहासिक मंदिरों और पारंपरिक स्थलों की भरमार है। यहां यात्रियों को अराशियामा बैंबू फॉरेस्ट घूमने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा गोल्डन पवेलियन के नाम से प्रसिद्ध किंकाकु-जी और फुशिमी इनारी ताइशा भी कार्यक्रम में शामिल हैं।

इन जगहों पर जापान की पारंपरिक वास्तुकला और संस्कृति को करीब से देखने का मौका मिलेगा।

ओसाका और नारा की भी होगी सैर

क्योटो के बाद यात्रा ओसाका पहुंचेगी। यहां प्रसिद्ध ओसाका कैसल को देखने का कार्यक्रम है। इसके बाद नारा का रुख किया जाएगा।

नारा में टोडाई-जी टेंपल के अलावा खुले इलाके में घूमते हिरण पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र होंगे।

यह पड़ाव जापान की ऐतिहासिक और प्राकृतिक खूबसूरती का अलग अनुभव देगा।

हिरोशिमा में इतिहास से रूबरू होंगे यात्री

टूर का अंतिम प्रमुख हिस्सा हिरोशिमा है। यहां पीस मेमोरियल पार्क की यात्रा कराई जाएगी।

इसके साथ मियाजिमा आइलैंड और प्रसिद्ध इत्सुकुशिमा श्राइन भी देखे जाएंगे।

इस यात्रा में जापान की तेज रफ्तार शिंकानसेन ट्रेन का सफर भी शामिल है। यात्री शिन-ओसाका से हिरोशिमा तक बुलेट ट्रेन से जाएंगे।

जापान की यात्रा करने वालों के लिए यह सफर टूर के यादगार हिस्सों में से एक हो सकता है।

एक पैकेज में जापान के कई रंग

IRCTC का यह टूर उन यात्रियों के लिए खास हो सकता है जो जापान को एक ही ट्रिप में अलग-अलग नजरिए से देखना चाहते हैं।

टोक्यो में आधुनिकता, हाकोने में प्रकृति, क्योटो में परंपरा, ओसाका में शहर की रौनक और हिरोशिमा में इतिहास से जुड़ी जगहें देखने को मिलेंगी।

यह भी पढ़ें:- De Dollarization: क्या डॉलर की बादशाहत होने वाली है खत्म? जानिए भारत पर कितना पड़ेगा असर

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article