Tuesday, August 11, 2026

Blinkit पर महाराष्ट्र FDA का एक्शन, कॉकरोच और एक्सपायर्ड सामान मिलने के बाद लाइसेंस सस्पेंड

Blinkit पर महाराष्ट्र FDA का एक्शन: महाराष्ट्र में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है।

इसी कड़ी में महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने क्विक कॉमर्स कंपनी Blinkit से जुड़े एक प्रतिष्ठान पर बड़ी कार्रवाई की है।

मुंबई के मालाड वेस्ट स्थित Blink Commerce Pvt. Ltd. के गोदाम में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आने के बाद कंपनी का फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिया गया है।

FDA की कार्रवाई के बाद अब इस प्रतिष्ठान से किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ की बिक्री, वितरण या खाद्य कारोबार पर रोक लगा दी गई है।

विभाग ने साफ किया है कि लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान अगर नियमों का उल्लंघन करते हुए कारोबार जारी रखा गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

7 अगस्त को हुई थी गोदाम की जांच

महाराष्ट्र FDA के बृहन्मुंबई विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 7 अगस्त 2026 को मालाड वेस्ट स्थित Blink Commerce Private Limited के गोदाम का निरीक्षण किया था।

इस जांच का उद्देश्य यह पता लगाना था कि वहां खाद्य पदार्थों को किस तरह स्टोर किया जा रहा है, उनकी साफ-सफाई कैसी है और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई ऐसी कमियां मिलीं, जिन्हें खाद्य पदार्थों की सुरक्षा के लिए गंभीर माना गया।

फल-सब्जियों के पास मिले कॉकरोच

जांच के दौरान सबसे चिंताजनक स्थिति फल और सब्जियों के स्टॉक के आसपास देखने को मिली। अधिकारियों के मुताबिक, वहां बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए।

खाद्य पदार्थों के स्टोरेज एरिया में इस तरह कीटों की मौजूदगी से सामान के दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है।

गोदाम में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कुछ खाद्य सामग्री जंग लगे रैक पर रखी हुई थी, जबकि कुछ सामान सीधे फर्श पर रखा मिला।

खाद्य पदार्थों को इस तरह रखना निर्धारित स्वच्छता और भंडारण व्यवस्था के अनुरूप नहीं माना जाता।

कोल्ड स्टोरेज में एक्सपायर्ड सामान

FDA की जांच में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। अधिकारियों को वहां एक्सपायर्ड और खराब खाद्य पदार्थ मिले।

इसके अलावा कुछ पैकेज्ड सामान ऐसे भी पाए गए, जिनके पैकेज के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

खाद्य उत्पादों को उनकी एक्सपायरी और उपयोग की प्राथमिकता के अनुसार व्यवस्थित रखना जरूरी होता है। इसके लिए FIFO और FEFO जैसी व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जाता है।

निरीक्षण के दौरान इन प्रणालियों का सही तरीके से पालन नहीं किया जाना भी सामने आया।

कीटों और चूहों से बचाव के इंतजाम कमजोर

गोदाम के उन हिस्सों में भी कमियां मिलीं, जहां खाद्य पदार्थों को स्टोर और हैंडल किया जाता था। अधिकारियों के मुताबिक, कॉकरोच, कीड़े और चूहों से बचाव के लिए प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी।

इसके साथ ही कचरा प्रबंधन और नियमित सफाई को लेकर भी खामियां दर्ज की गईं। खाद्य सामग्री रखने वाली जगहों की साफ-सफाई और रखरखाव निर्धारित मानकों के मुताबिक नहीं पाया गया।

कर्मचारियों के हेल्थ रिकॉर्ड भी नहीं मिले

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों से संबंधित स्वास्थ्य रिकॉर्ड भी अधिकारियों को उपलब्ध नहीं मिले। कर्मचारियों की मेडिकल जांच से जुड़े दस्तावेजों की कमी पाई गई।

इसके अलावा खाद्य पदार्थों को संभालते समय जरूरी व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल में भी कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा के नजरिए से इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लिया।

FDA ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया लाइसेंस

निरीक्षण में सामने आई इन तमाम गड़बड़ियों के बाद महाराष्ट्र FDA ने Blink Commerce Pvt. Ltd. का खाद्य लाइसेंस अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

विभाग ने यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं और खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस एवं पंजीकरण से जुड़े नियमों के तहत की है।

लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण या किसी भी तरह का खाद्य कारोबार करने पर रोक रहेगी।

FDA ने चेतावनी दी है कि निलंबन की अवधि में अगर प्रतिष्ठान के अंदर खाद्य कारोबार दोबारा चलता हुआ पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से यह संदेश भी साफ है कि महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रशासन गंभीर है।

क्विक कॉमर्स कंपनियों के जरिए लोग कुछ ही मिनटों में किराना और खाने-पीने का सामान घर मंगा रहे हैं।

ऐसे में इन कंपनियों के स्टोरेज सेंटर में साफ-सफाई, सही तापमान, सुरक्षित भंडारण और एक्सपायर्ड सामान की निगरानी बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article