खाकी का सशक्त चेहरा: देश के सबसे जटिल और हाई-प्रोफाइल मामलों की गुत्थियां सुलझाने वाली सीनियर आईपीएस अधिकारी नूपुर प्रसाद को उनकी सराहनीय और उत्कृष्ट सेवा के लिए ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस‘ (राष्ट्रपति पदक) से सम्मानित किया जाएगा।
2007-बैच की AGMUT कैडर की इस तेजतर्रार अधिकारी ने न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि अपनी निष्पक्ष और सटीक जांच शैली से देशभर में एक अलग पहचान बनाई है।
सुशांत सिंह राजपूत केस की कमान और जांच का नेतृत्व
खाकी का सशक्त चेहरा: नूपुर प्रसाद राष्ट्रीय स्तर पर उस वक्त सुर्खियों में आईं, जब बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई।
सीबीआई में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस केस की कोर टीम का नेतृत्व किया।
गवाहों से पूछताछ, गहन फोरेंसिक विश्लेषण और मेडिकल रिकॉर्ड्स की बारीकी से पड़ताल के बाद मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम रही।
हाई-प्रोफाइल मामलों से लेकर अंतरराष्ट्रीय संलिप्तता तक
खाकी का सशक्त चेहरा: सीबीआई के कार्यकाल में नूपुर प्रसाद केवल सुशांत केस तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने देश के कई चर्चित मामलों की भी देखरेख की।
इनमें भगोड़े कारोबारी विजय माल्या से जुड़े वित्तीय मामले और चर्चित अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर डील जैसी संवेदनशील जांचें शामिल हैं।
इन जटिल मामलों में उनकी भागीदारी ने उन्हें एक कुशल रणनीतिकार और दक्ष जांचकर्ता के रूप में स्थापित किया।
जमीनी स्तर पर दिल्ली पुलिसिंग को दिया नया आकार
खाकी का सशक्त चेहरा: सीबीआई में प्रतिनियुक्ति से पहले उन्होंने दिल्ली पुलिस में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
वे शाहदरा जिले की पहली महिला डीसीपी बनीं, जहां उन्होंने नए जिले के पूरे पुलिसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को जमीन पर उतारा।
संगठित ड्रग नेटवर्क, अवैध जुए पर नकेल कसने के अलावा, नॉर्थ दिल्ली की डीसीपी रहते हुए उन्होंने लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था और दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
जन-सरोकार और वर्तमान में आर्थिक अपराधों पर प्रहार कड़क पुलिसिंग के साथ-साथ नूपुर प्रसाद ने महिलाओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण, युवा सशक्तिकरण, साइबर जागरूकता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक बदलाव लाने वाले अभियानों की भी अगुवाई की है।
दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल पुलिस में सेवा दे चुकीं नूपुर प्रसाद वर्तमान में दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में जॉइंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं, जहां वे बड़े वित्तीय व आर्थिक घोटालों पर सख्त कार्रवाई कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: First ATM in india: भारत में सबसे पहला ATM कब और कहां लगा था? जानिए इसकी दिलचस्प कहानी

