Thursday, April 23, 2026

बांग्लादेश में पुजारी की हत्या, पेड़ से लटका मिला शव

बांग्लादेश में पुजारी की हत्या: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में एक हिंदू पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने स्थानीय समुदाय के साथ-साथ प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया है।

5 वर्षीय नयन दास, जो नाग पंचमी मंदिर में पूजा-पाठ कराते थे, पिछले तीन दिनों से लापता थे और आखिरकार उनका शव एक दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ पाया गया।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

घर से हुए अचानक लापता

परिजनों के अनुसार, नयन दास रविवार 19 अप्रैल की रात अचानक घर से लापता हो गए थे। परिवार का कहना है कि कुछ अज्ञात लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए थे।

शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो सोमवार 20 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की, लेकिन शुरुआती दो दिनों तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। इस बीच स्थानीय लोगों ने भी पुजारी की तलाश में सहयोग किया।

बुधवार 22 अप्रैल को दोपहर के समय, जब कुछ लोग मंदिर के पीछे स्थित पहाड़ी इलाके में खोज कर रहे थे, तभी उन्हें एक पेड़ से लटका हुआ शव दिखाई दिया, जिसकी पहचान बाद में नयन दास के रूप में हुई।

नयन दास के गले में बंधा था स्कार्फ

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि नयन दास के गले में एक स्कार्फ बंधा हुआ था,

जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। इस स्थिति ने हत्या की आशंका को जन्म दिया है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सबूत भी जुटाए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

लोगों में आक्रोश

नयन दास की मौत से उनके परिवार में गहरा शोक है। परिजन इस घटना को हत्या मान रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरह अज्ञात लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए, वह अपने आप में संदिग्ध है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।

स्थानीय हिंदू समुदाय में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों से जुड़े व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द पर भी असर डालती हैं।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच तेज कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर वे लोग कौन थे, जो नयन दास को रात में घर से बुलाकर ले गए थे।

साथ ही, पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article