गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन पुलिस चौकी के बाहर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक पहले अपने ऊपर पेट्रोल डालता है और इसके बाद माचिस की तीली जलाकर खुद को आग लगा लेता है। आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच जाता है और पुलिसकर्मी तुरंत युवक की तरफ दौड़ते हैं।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, खोड़ा के नेहरू गार्डन इलाके में रहने वाले मोनू का कॉलोनी में पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश को लेकर बुधवार देर रात दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया।
मामला बढ़ने के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंच गए।
पुलिस चौकी में दोनों पक्षों की शिकायतें ली गईं और मामले को लेकर बातचीत चल रही थी।
इसी दौरान अचानक मोनू गुस्से में चौकी से बाहर निकला। इसके बाद उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाला और माचिस की तीली जलाकर खुद को आग लगा ली।
आग लगते ही चौकी के बाहर मचा हड़कंप
मोनू के खुद को आग लगाने के दौरान कुछ लोग उसके पास मौजूद थे और मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे।
जैसे ही उसके शरीर में आग लगी, वहां शोर-शराबा शुरू हो गया। पुलिसकर्मी तुरंत बाहर आए और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की।
आग बुझाने के बाद पुलिस ने मोनू को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों ने दी शिकायत
एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
दोनों पक्षों ने पुलिस को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और चौकी के बाहर युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

