बैंकॉक के पब में भीषण आग: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब शहर के उत्तरी इलाके में स्थित ना लादप्राओ पब में अचानक भीषण आग लग गई।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई।
इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में 22 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें पब से उठती आग की ऊंची लपटें और धुआं साफ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते और बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए।
सर्किट ब्रेकर में लगी आग
अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें आधी रात के आसपास पब में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
थाई प्रधानमंत्री ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने बताया कि बिजली जाने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था।
इसके कुछ ही क्षण बाद तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं से भर गया। इसी वजह से लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
टॉयलेट में फंसे कई लोग
हादसे के दौरान कई लोगों ने जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से में बने शौचालयों में शरण ली।
हालांकि जब बचाव दल वहां पहुंचा तो कई लोगों की मौत हो चुकी थी। अधिकारियों के अनुसार, टॉयलेट से कई शव बरामद किए गए,
जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि धुएं और आग के कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए।
दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
इसके बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो।
मरीजों को सांस लेने में दिक्कत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद कुल 63 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कई घायलों को सांस लेने में दिक्कत, शरीर के विभिन्न हिस्सों में जलने और धुएं के प्रभाव के कारण विशेष चिकित्सा दी जा रही है।
अधिकारियों को पीड़ितों की पहचान करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों के पास पहचान पत्र नहीं थे, जबकि कई घायल बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाए गए।
परिजनों की मदद के लिए घटनास्थल पर एक विशेष पंजीकरण केंद्र भी बनाया गया है, जहां लोग अपने लापता परिजनों की जानकारी दर्ज करा सकते हैं।
जांच के दायरे में सुरक्षा इंतजाम
हादसे के बाद संबंधित विभागों ने पब की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और भवन के आपातकालीन निकास मार्गों की भी जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पूरे देश में शोक का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे थाईलैंड में शोक की लहर है। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
वहीं स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

