Monday, June 29, 2026

अयातुल्ला अली खामेनेई को दी जाएगी अंतिम विदाई, भारत से शामिल होंगे दो प्रतिनिधि

अयातुल्ला अली खामेनेई: ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को 4 जुलाई 2026 से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

न्यूज़ रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 जुलाई से 9 जुलाई तक ईरान के अलग-अलग शहरों में श्रद्धांजलि सभाएं, अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन आयोजनों में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई देशों के वरिष्ठ नेता और विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी

इस दौरान ईरान पहुंचेंगे। ईरान सरकार ने इन कार्यक्रमों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है।

भारत की ओर से शामिल होंगे दो वरिष्ठ प्रतिनिधि

न्यूज़ रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

दोनों नेता भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए दिवंगत सर्वोच्च नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इसे भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भेजा गया था निमंत्रण

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था।

जानकारी के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को तेहरान स्थित इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।

इसके बाद 6 और 7 जुलाई को राजधानी तेहरान और पवित्र शहर कोम में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

वहीं, 9 जुलाई को उत्तर-पूर्वी शहर मशहद में अंतिम संस्कार से जुड़े अंतिम कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसी दिन अयातुल्ला अली खामेनेई को शिया मुसलमानों के आठवें इमाम, इमाम रजा के पवित्र दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

अमेरिका-इजरायल की एयरस्ट्राइक में हुई थी मौत

न्यूज़ रिपोर्ट्स के मुताबिक, अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त एयरस्ट्राइक में मौत हुई थी।

इस घटना को ईरान के आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी राजनीतिक घटनाओं में से एक माना गया।

इसके बाद मार्च की शुरुआत में उनके बेटे मोज्तबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता चुना गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले और उसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई के चलते पूरे मध्य-पूर्व में तनाव काफी बढ़ गया था।

परिवार के चार सदस्यों की मौत का भी दावा

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि एयरस्ट्राइक के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई के चार करीबी रिश्तेदारों की भी मौत हुई थी।

इनमें उनकी बेटी, एक नाती या पोता तथा उनके दामाद के शामिल होने की बात कही गई है।

वहीं उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से खामेनेई की मौत की घोषणा की थी।

86 वर्षीय खामेनेई ने करीब 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में देश का नेतृत्व किया।

उनकी मृत्यु को केवल ईरान ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य-पूर्व की राजनीति के लिए एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article