Tuesday, September 22, 2026

Asian Games 2026 में भारत का गोल्डन धमाका, श्रीलंका को 147 रन से हराकर महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पहले बल्ले से दम दिखाया और फिर गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का लगातार दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

मंधाना, शेफाली और ऋचा ने मचाया धमाल

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

टीम इंडिया को ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई।

शेफाली वर्मा शानदार लय में नजर आईं, लेकिन वह अपने अर्धशतक से महज दो रन दूर रह गईं। उन्होंने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 3 चौके शामिल रहे।

इसके बाद स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाला और शानदार अर्धशतक पूरा किया। वह शतक की तरफ तेजी से बढ़ रही थीं, लेकिन सुगंदिका की गेंद पर 79 रन बनाकर आउट हो गईं।

मंधाना ने 45 गेंदों की अपनी पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 11 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 17 गेंदों में 19 रनों का योगदान दिया।

ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में बदला मैच का रुख

स्मृति मंधाना के आउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि भारत शायद 200 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएगा, लेकिन ऋचा घोष ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पूरा समीकरण बदल दिया।

ऋचा ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और महज 22 गेंदों में नाबाद 49 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।

आखिरी ओवर में भारत ने 25 रन बटोरे, जिसमें ऋचा के दो छक्के भी शामिल थे। इसके दम पर भारत ने निर्धारित ओवरों में 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

शेफाली और दीप्ति की गेंदबाजी के आगे श्रीलंका बेबस

217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान चमारी अट्टापट्टू और इमेशा दुलानी की जोड़ी पहले विकेट के लिए सिर्फ 18 रन जोड़ सकी।

बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाली शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाया। उन्होंने पावरप्ले के दौरान दो विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दुलानी 3 और हसीनी परेरा बिना खाता खोले आउट हुईं।

पावरप्ले के बाद दीप्ति शर्मा ने कप्तान चमारी अट्टापट्टू को 21 रन के स्कोर पर आउट कर बड़ा झटका दिया।

इसके तुरंत बाद श्रेयांका पाटिल ने हर्षिता माधवी को चलता कर दिया। श्रीलंका लगातार विकेट गंवाता रहा और 49 रन के स्कोर तक उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका और पूरी श्रीलंकाई टीम महज 69 रन पर सिमट गई।

भारत ने 147 रन से जीता फाइनल

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

इस तरह भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

महिला टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी शानदार सफलता को दोहराया।

Madhuri Sonkar
Madhuri Sonkarhttps://reportbharathindi.com/
ETV Bharat में एक साल ट्रेनिंग कंटेंट एडिटर के तौर पर काम कर चुकी हैं। डेली हंट और Raftaar News में रिपोर्टिंग, V/O का अनुभव। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और बॉलीवुड न्यूज पर अच्छी पकड़।
- Advertisement -

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Latest article