Wednesday, September 16, 2026

बिहार: नशे के लिए पैसे नहीं दिए तो भड़का बेटा, की पिता की हत्या, बचाने आई मां पर भी हमला

बिहार के समस्तीपुर से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

आरोप है कि नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर 25 वर्षीय युवक ने अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

पति को बचाने के लिए मां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल पिता को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

नशे के बाद घर पहुंचा था आरोपी

मामला समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मोहनपुर मस्जिद के पास का बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद अरमान के तौर पर की है।

पुलिस के मुताबिक, अरमान को कथित तौर पर सूखे नशे की लत थी। परिवार का कहना है कि वह अक्सर नशे की हालत में घर लौटता था और नशे के लिए पैसों की मांग करता था।

घटना वाली रात भी वह नशा करने के बाद घर पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे।

पैसे देने से इनकार पर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि मोहम्मद इस्लाम ने बेटे को पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि अरमान ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पिता पर हमला कर दिया।

हमले में मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट आई थी। घर में अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

पति को बचाने पहुंची मां पर भी हमला

पिता पर हमला होते देख मां उन्हें बचाने के लिए बीच में आ गईं। आरोप है कि अरमान ने मां पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।

घर से हंगामे और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया। इसके बाद घायल माता-पिता को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने मोहम्मद इस्लाम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया।

पटना ले जाते समय हुई पिता की मौत

परिजन मोहम्मद इस्लाम को एंबुलेंस से पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

इसके बाद शव को वापस लाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी मोहम्मद अरमान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच

सदर डीएसपी दुर्गेश कुमार के मुताबिक, पुलिस को सुबह घटना की सूचना मिली थी।

सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां ने बताया है कि उनका बेटा नशे का आदी था और नशे के लिए अक्सर पैसे मांगता था।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article