Monday, June 15, 2026

AI Cyber Fraud: जानें साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार कैसे बन रहा है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस?

AI Cyber Fraud: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने दुनिया को कई नई सुविधाएं दी हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधियों को भी एक बेहद खतरनाक हथियार मिल गया है।

पहले जहां ऑनलाइन ठगी फर्जी कॉल, ईमेल या मैसेज तक सीमित थी, वहीं अब AI की मदद से अपराधी लोगों की आवाज, चेहरा और पहचान तक की हूबहू नकल तैयार कर रहे हैं।

यही वजह है कि गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने लोगों को AI आधारित साइबर फ्रॉड और डीपफेक तकनीक से सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

क्या है Deepfake Technology और क्यों है खतरनाक?

डीपफेक एक ऐसी AI तकनीक है, जिसकी मदद से किसी भी व्यक्ति की तस्वीर, वीडियो और आवाज की नकली कॉपी तैयार की जा सकती है।

यह वीडियो इतना वास्तविक दिखाई देता है कि आम व्यक्ति के लिए असली और नकली में फर्क करना बेहद मुश्किल हो जाता है।

साइबर अपराधी किसी व्यक्ति के चेहरे के हाव-भाव, बोलने के तरीके और आवाज के नमूने जुटाकर AI सॉफ्टवेयर में प्रोसेस करते हैं।

इसके बाद वे ऐसा वीडियो तैयार कर लेते हैं जो बिल्कुल असली व्यक्ति जैसा दिखाई देता है। यही तकनीक आज साइबर ठगी का सबसे बड़ा हथियार बनती जा रही है।

कैसे काम करते हैं AI आधारित साइबर ठग?

AI Cyber Fraud: साइबर अपराधी सबसे पहले सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, जॉब पोर्टल्स, डेटिंग ऐप्स या फोन कॉल के जरिए लोगों से संपर्क करते हैं।

कई बार वे नौकरी का ऑफर, इंटरव्यू या किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर वीडियो कॉल करने के लिए कहते हैं।

वीडियो कॉल के दौरान वे व्यक्ति को कैमरे की ओर देखने, सिर घुमाने, मुस्कुराने, आंख झपकाने या कुछ शब्द बोलने के लिए कहते हैं।

बातचीत के दौरान इन गतिविधियों को रिकॉर्ड कर लिया जाता है। कई बार अपराधी सोशल मीडिया प्रोफाइल से भी फोटो और वीडियो इकट्ठा कर लेते हैं।

इसके बाद AI टूल्स की मदद से व्यक्ति का डीपफेक वीडियो और नकली डिजिटल पहचान तैयार की जाती है।

यही नकली पहचान बाद में बैंकिंग, फिनटेक ऐप्स और अन्य ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षा सिस्टम को धोखा देने के लिए इस्तेमाल की जाती है।

बैंकिंग और KYC सिस्टम पर कैसे होता है हमला?

आज अधिकांश बैंक और फिनटेक कंपनियां वीडियो-केवाईसी (Video KYC), फेस ऑथेंटिकेशन और लाइवनेस वेरिफिकेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती हैं। इनका उद्देश्य ग्राहक की पहचान सत्यापित करना होता है।

लेकिन अगर किसी संस्थान के पास डीपफेक पहचानने की मजबूत तकनीक नहीं है, तो अपराधी AI से तैयार नकली वीडियो का उपयोग करके सिस्टम को धोखा दे सकते हैं।

इसके जरिए फर्जी बैंक खाते खोले जा सकते हैं, डिजिटल वॉलेट सक्रिय किए जा सकते हैं या किसी व्यक्ति के वित्तीय खातों तक पहुंच बनाई जा सकती है। इससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ पहचान चोरी (Identity Theft) का खतरा भी बढ़ जाता है।

AI साइबर अपराधियों के लिए सबसे बड़ा हथियार क्यों बन गया है?

AI Cyber Fraud: AI तकनीक ने साइबर अपराधियों के काम को पहले से कहीं ज्यादा आसान और प्रभावी बना दिया है।

पहले ठगों को लोगों को धोखा देने के लिए लंबी तैयारी करनी पड़ती थी, लेकिन अब कुछ तस्वीरों और आवाज के नमूनों की मदद से वे नकली पहचान तैयार कर सकते हैं।

AI की मदद से अपराधी डीपफेक वीडियो बना सकते हैं, किसी की आवाज की नकल कर सकते हैं और फर्जी वीडियो कॉल तैयार कर सकते हैं।

इसके आलावा, बैंकिंग सुरक्षा सिस्टम को धोखा दे सकते हैं, सोशल इंजीनियरिंग अटैक को और अधिक विश्वसनीय बना सकते हैं, पहचान चोरी और वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं।

यही कारण है कि साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ AI आधारित धोखाधड़ी को आने वाले समय का सबसे बड़ा डिजिटल खतरा मान रहे हैं।

AI आधारित साइबर फ्रॉड से कैसे बचें?

साइबर विशेषज्ञों और गृह मंत्रालय की सलाह के अनुसार कुछ सावधानियां अपनाकर इस खतरे से बचा जा सकता है।

सबसे पहले किसी अनजान व्यक्ति के साथ वीडियो कॉल करते समय सतर्क रहें। यदि कोई बार-बार कैमरे की ओर देखने, सिर घुमाने, आंख झपकाने या विशेष शब्द बोलने के लिए कहे तो सावधान हो जाएं।

सोशल मीडिया पर अपनी निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक रूप से साझा करने से बचें। अपनी बायोमेट्रिक जानकारी और व्यक्तिगत दस्तावेजों को सुरक्षित रखें।

बैंक खाते, ईमेल और डिजिटल वॉलेट से जुड़े लॉगिन अलर्ट और OTP संदेशों पर नजर रखें। यदि अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद हो जाए तो तुरंत अपने टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क करें क्योंकि यह सिम स्वैप फ्रॉड का संकेत हो सकता है।

इसके अलावा बैंक खाते में किसी भी संदिग्ध लेनदेन को नजरअंदाज न करें और तुरंत संबंधित संस्था को सूचित करें।

ठगी का शिकार होने पर क्या करें?

यदि आपको AI आधारित साइबर धोखाधड़ी, पहचान चोरी या संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का संदेह हो तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

शिकायत के दौरान ठग का मोबाइल नंबर, वीडियो लिंक, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध जानकारी साझा करें।

समय रहते शिकायत करने से कई मामलों में ठगी की रकम को रोका जा सकता है और अपराधियों तक पहुंचने में एजेंसियों को मदद मिलती है।

AI तकनीक जहां विकास और नवाचार का प्रतीक है, वहीं इसका गलत इस्तेमाल साइबर सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

डीपफेक वीडियो, नकली पहचान और AI आधारित साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता, सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन ही सबसे बड़ा बचाव है।

याद रखें, इंटरनेट की दुनिया में आपकी छोटी-सी लापरवाही साइबर अपराधियों के लिए बड़ा मौका बन सकती है।

यह भी पढ़ें: जिमखाना क्लब पर संकट: मृत सदस्यों के खातों से खर्च, करोड़ों की फ्रॉड की खुली पोल!


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article