UP: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पूर्व विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक महिला जमीन पर गिरी दिखाई दे रही है और एक व्यक्ति उसके बाल खींचता नजर आ रहा है।
दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही महिला गुड्डू पंडित की पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा हैं।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस ने अर्चना की शिकायत पर पूर्व विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दो सितंबर को हुआ विवाद
मामला बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। शिकारपुर बाईपास रोड पर पुराने आरटीओ ऑफिस के पास गुड्डू पंडित का घर है, जहां उनकी पत्नी अर्चना पांडा रहती हैं।
अर्चना के मुताबिक, दो सितंबर को वह अपने बेटे के साथ घर के अंदर थीं। इसी दौरान गुड्डू पंडित वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाते हुए कथित तौर पर जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
अर्चना का आरोप है कि जब उन्होंने दरवाजा खोला तो उन्हें धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई।
बाल खींचने और मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, फर्श पर गिरने के बाद अर्चना के बाल खींचे गए और उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान वह मदद के लिए चीखती रहीं।
उनकी आवाज सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा। उसने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनते देख गुड्डू पंडित पीछे हटे। इसके बाद अर्चना किसी तरह वहां से निकलकर सड़क की तरफ पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी।
वायरल वीडियो में अर्चना खुद को बचाने के लिए झाड़ू से विरोध करती हुई भी दिखाई दे रही हैं।
बेटे के साथ खुद की सुरक्षा की चिंता
अर्चना पांडा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में खुद के साथ-साथ अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने की भी गुहार लगाई है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने भी रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।
नेताओं पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आचरण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मारपीट या बदसलूकी के आरोप गंभीर होते हैं,
लेकिन जब आरोप किसी पूर्व जनप्रतिनिधि पर लगें और मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा हो, तो चर्चा और भी बड़ी हो जाती है।

