Mango Pickle Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में कच्चे आमों की बहार दिखाई देने लगती है और हर घर में आम के अचार की खुशबू फैलने लगती है।
भारतीय थाली में अचार सिर्फ स्वाद बढ़ाने का काम नहीं करता, बल्कि यह खाने को खास बना देता है।
हालांकि कई बार सही विधि और सावधानियों की जानकारी न होने की वजह से अचार में फफूंदी लग जाती है और उसका स्वाद खराब हो जाता है।
ऐसे में अगर सही तरीके से अचार बनाया जाए तो यह लंबे समय तक सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहता है।
अगर आप भी झटपट बनने वाला चटपटा आम का अचार खाना चाहते हैं, तो 10 मिनट में तैयार होने वाली इंस्टेंट मैंगो पिकल रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है।
इसके साथ ही भारत के अलग-अलग राज्यों में बनने वाले 5 खास आम के अचारों के बारे में भी जानिए, जिनका स्वाद हर जगह अलग पहचान रखता है।
10 मिनट में तैयार इंस्टेंट आम का अचार
पारंपरिक अचार बनाने में जहां कई दिनों तक धूप दिखाने और सुखाने की जरूरत पड़ती है, वहीं यह इंस्टेंट अचार कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाता है।
इस रेसिपी में कच्चे आम, अदरक और हरी मिर्च को दरदरा क्रश करके मसालों के साथ मिलाया जाता है, जिससे स्वाद तुरंत अंदर तक समा जाता है।
अचार बनाने के लिए जरूरी सामग्री
Mango Pickle Recipe: 1 किलो कच्चा आम, 120 ग्राम हरी मिर्च, 50 ग्राम अदरक, 10 ग्राम जीरा, 15 ग्राम सौंफ, 6 ग्राम काली सरसों, 6 ग्राम पीली सरसों, 7 ग्राम मेथी दाना, 5 ग्राम अजवाइन, 7 ग्राम कलौंजी, 17 ग्राम हल्दी पाउडर, 40 ग्राम लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच हींग, 100 ग्राम नमक और 150 ग्राम सरसों का तेल।
ऐसे करें तैयारी
सबसे पहले कच्चे आम को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और चॉपर में हल्का क्रश कर लें। इसी तरह हरी मिर्च और अदरक को भी दरदरा पीस लें। इससे मसाले जल्दी मिक्स होते हैं और अचार तुरंत स्वादिष्ट बनता है।
अब एक कड़ाही में जीरा, सौंफ, दोनों तरह की सरसों, मेथी, अजवाइन और कलौंजी को धीमी आंच पर करीब 2 मिनट तक भून लें।
मसाले ठंडे होने के बाद इन्हें दरदरा पीस लें। फिर इन मसालों को आम, अदरक और मिर्च के मिश्रण में मिला दें।
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और हींग डालें। आखिर में सरसों के तेल को धुआं निकलने तक गर्म करें और थोड़ा ठंडा होने के बाद अचार में डाल दें। अब इसे अच्छी तरह मिक्स करें। आपका स्वादिष्ट इंस्टेंट आम का अचार तैयार है।
भारत के 5 मशहूर आम के अचार
Mango Pickle Recipe: भारत में हर राज्य में आम का अचार अलग अंदाज और स्वाद में बनाया जाता है। कहीं इसका स्वाद तीखा होता है तो कहीं मीठा और मसालेदार। आइए जानते हैं देश के 5 खास आम के अचारों के बारे में।
गुजरात का चुंडा अचार
गुजरात में बनने वाला चुंडा अचार खट्टा-मीठा स्वाद लिए होता है। इसमें आम को कद्दूकस करके गुड़, कश्मीरी लाल मिर्च, जीरा पाउडर, इलायची और लौंग के साथ पकाया जाता है। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
आंध्र प्रदेश का अवकाया अचार
आंध्र प्रदेश का अवकाया अचार अपने तीखेपन और सरसों के मजबूत स्वाद के लिए मशहूर है। इसमें आम के टुकड़ों को सुखाने के बाद सरसों पाउडर, मेथी, हींग, लाल मिर्च और तिल के तेल के साथ मिलाया जाता है। यह अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता।
महाराष्ट्र का कैरीचे लोणचे
महाराष्ट्र में कच्चे आम के अचार को कैरीचे लोणचे कहा जाता है। इसमें आम के टुकड़ों को नमक और हल्दी वाले पानी में कुछ घंटों तक रखने के बाद सुखाया जाता है।
फिर इसमें सरसों, लाल मिर्च, मेथी और हींग डालकर सरसों के तेल में तैयार किया जाता है। इसका स्वाद खट्टा और चटपटा होता है।
तमिलनाडु का वादी मंगाई अचार
दक्षिण भारत में खासतौर पर तमिलनाडु में बनने वाला वादी मंगाई अचार छोटे आमों से बनाया जाता है। इसमें तेल बहुत कम या बिल्कुल नहीं डाला जाता, फिर भी यह सालभर तक खराब नहीं होता है।
नमक और हल्दी में रखे आम बाद में लाल मिर्च, हींग और सरसों पाउडर के साथ तैयार किए जाते हैं।
हिमाचल का हींग वाला आम का अचार
पहाड़ी इलाकों में खासतौर पर हिमाचल प्रदेश में हींग वाला आम का अचार बेहद लोकप्रिय है।
इसमें आम के छोटे टुकड़ों को नमक और हल्दी में रखने के बाद अच्छी क्वालिटी की हींग, काला नमक और कश्मीरी लाल मिर्च मिलाई जाती है। इसका स्वाद बाकी अचारों से काफी अलग और बेहद सुगंधित होता है।
अचार बनाते समय रखें ये जरूरी बातें
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हमेशा सूखे बर्तन और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। अचार में नमी जाने से फफूंदी लगने का खतरा बढ़ जाता है।
साथ ही तेल और नमक की मात्रा सही होना भी जरूरी है, क्योंकि यही अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाते हैं।
अगर आप इस गर्मी में घर पर स्वादिष्ट और टिकाऊ आम का अचार बनाना चाहते हैं, तो इन आसान रेसिपीज को जरूर ट्राई करें।
ये न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाएंगी, बल्कि पूरे परिवार को पारंपरिक भारतीय स्वाद का मजा भी देंगी।
यह भी पढ़ें: फ्रिज में कटे फल रखना: हेल्दी आदत या सेहत के लिए धीमा ज़हर? एक्सपर्ट्स ने किया खुलासा!

