लखनऊ UPSC छात्रा गैंगरेप: उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी के साथ-साथ बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है।
पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
घर से दिल्ली लौटते समय हुई वारदात
पीड़िता के मुताबिक, कॉलेज में छुट्टियों के दौरान वह 1 मई को अपने घर जौनपुर आई थी। परीक्षा की तारीख आने के बाद 15 मई को वह दिल्ली लौटने के लिए निकली। उसके पिता ने उसे जाफराबाद रेलवे स्टेशन से सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाया था।
ट्रेन में बैठने के बाद छात्रा ने अपने परिचित शिवम यादव को व्हाट्सएप पर मैसेज किया। पीड़िता ने बताया कि वह शिवम को पिछले चार वर्षों से जानती थी।
मैसेज मिलने के बाद शिवम चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और मिलने के बाद बार-बार अपने कमरे पर चलने की जिद करने लगा।
कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर किया दुष्कर्म
छात्रा का आरोप है कि शिवम उसे बहला-फुसलाकर सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अपने फ्लैट पर ले गया। वहां उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। बेहोशी और खराब हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद शिवम ने अपने दोस्तों को भी फ्लैट पर बुलाया और उनसे भी उसके साथ रेप करवाया।
छात्रा को तीन दिनों तक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया और लगातार शारीरिक शोषण किया गया।
हालत बिगड़ने पर ट्रेन में बैठाकर भेजा दिल्ली
लखनऊ UPSC छात्रा गैंगरेप: जब पीड़िता की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो आरोपियों ने उसे जनरल टिकट देकर ट्रेन में बैठा दिया। रास्ते में बरेली पहुंचने पर छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने पिता को फोन किया और पूरी घटना बताई।
परिजनों ने तुरंत जीआरपी हेल्पलाइन और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया।
शुरुआती शिकायत दिल्ली के आनंद विहार में दर्ज हुई, लेकिन घटना स्थल लखनऊ होने के कारण केस ट्रांसफर होकर सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंच गया।
पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
मामले में एडीसीपी रल्लापल्ली बसंत ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस यूपी के अलावा अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस की कॉल के बाद आरोपी सतर्क हो गए और अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में हैं।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। हालांकि अब तक तीसरे आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
दोनों नामजद आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम
लखनऊ UPSC छात्रा गैंगरेप: पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम यादव पुत्र विश्वनाथ निवासी बरहीपुर थाना जलालपुर जिला जौनपुर और सन्नी यादव पुत्र नंदलाल निवासी जौनपुर पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में कराई गई मेडिकल जांच में रेप की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी। ऐसे में अब लखनऊ में दोबारा मेडिकल परीक्षण कराए जाने की तैयारी है।
मुख्य आरोपी का पिता हाईकोर्ट में अधिवक्ता
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी शिवम यादव का पिता प्रयागराज हाईकोर्ट में अधिवक्ता है। दूसरा आरोपी सन्नी यादव लखनऊ में रहकर डिलीवरी बॉय का काम करता है। वहीं तीसरे आरोपी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस को शक है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद तीसरे आरोपी का भी खुलासा हो सकता है। बताया जा रहा है कि शिवम का भाई भी लखनऊ में काम करता है और वह अक्सर उसी के पास रुकता था।
पिता बोले- आरोपियों का एनकाउंटर ही न्याय
पीड़िता के पिता ने कहा कि उनकी बेटी अब भी सदमे में है। वह डरी-सहमी रहती है और किसी से ठीक से बात नहीं कर पा रही। परिवार उसकी काउंसलिंग और इलाज कराने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बेटी को फंसाया और उसके साथ हैवानियत की। पिता का कहना है कि आरोपियों का एनकाउंटर ही उनकी बेटी को न्याय दिला सकता है।
यह भी पढ़ें: गोपाल शर्मा केस: बेटे की हालत देखकर पिता बोले- ऐसी मौत किसी बच्चे को न मिले

