Kidney Stone: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में किडनी स्टोन की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। खराब खानपान, कम पानी पीने की आदत,
ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड का सेवन, साथ ही अनियमित लाइफस्टाइल इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है।
किडनी स्टोन होने पर पेट और कमर में तेज दर्द, पेशाब में जलन, बार-बार यूरिन आना और कई बार उल्टी जैसी दिक्कतें भी सामने आती हैं।
ऐसे में लोग दवाइयों के साथ घरेलू उपायों का सहारा भी लेते हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि कुछ नेचुरल ड्रिंक्स और पौष्टिक सब्जियों का जूस किडनी को स्वस्थ रखने और स्टोन बनने के खतरे को कम करने में मदद कर सकता है।
हालांकि डॉक्टर यह भी स्पष्ट करते हैं कि “किडनी क्लीन” जैसा कोई मेडिकल टर्म नहीं होता। किडनी खुद शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने का काम करती है,
लेकिन सही खानपान और कुछ हेल्दी ड्रिंक्स किडनी की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में जरूर मदद कर सकते हैं।
गाजर का जूस
गाजर का जूस किडनी हेल्थ के लिए लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और जरूरी पोषक तत्व शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
कुछ रिसर्च में यह भी पाया गया कि गाजर किडनी को नुकसान से बचाने और स्टोन बनने के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सीमित मात्रा में ताजा गाजर का जूस पीना शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है।
हालांकि इसमें अतिरिक्त चीनी मिलाने से बचना चाहिए, क्योंकि ज्यादा शुगर शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
चुकंदर का जूस
चुकंदर का जूस भी किडनी के लिए हेल्दी माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और नाइट्रेट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं,
जो ब्लड प्रेशर कंट्रोल रखने और शरीर में रक्त संचार बेहतर करने में मदद कर सकते हैं।
कुछ अध्ययनों में यह भी देखा गया कि चुकंदर किडनी डैमेज के खतरे को कम करने में सहायक हो सकता है।
हालांकि एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि जिन लोगों को कैल्शियम-ऑक्सलेट स्टोन की समस्या रहती है, उन्हें चुकंदर का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
इसका कारण यह है कि चुकंदर में ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है, जो कुछ लोगों में स्टोन बनने का खतरा बढ़ा सकती है।
नींबू पानी
नींबू पानी को किडनी स्टोन के मरीजों के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। इसमें मौजूद साइट्रेट यूरिन की एसिडिटी को कम करने में मदद करता है,
जिससे स्टोन बनने की संभावना घट सकती है।
कई हेल्थ एक्सपर्ट्स नियमित रूप से नींबू पानी पीने की सलाह देते हैं, खासकर उन लोगों को जिन्हें बार-बार स्टोन बनने की शिकायत रहती है।
एक स्टडी में यह भी पाया गया कि दिन में दो बार सीमित मात्रा में नींबू का रस लेने से कुछ मरीजों में स्टोन दोबारा बनने का खतरा कम देखा गया।
हालांकि इसे भी संतुलित मात्रा में ही लेना चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान?
विशेषज्ञों का कहना है कि केवल जूस पीना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से तैयार करना भी जरूरी है।
जूस में जरूरत से ज्यादा चीनी या नमक मिलाने से उसका फायदा कम हो सकता है। बेहतर होगा कि ताजा सब्जियों और फलों का जूस बिना अतिरिक्त मिठास के पिया जाए।
इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना सबसे जरूरी माना जाता है। शरीर में पानी की कमी होने पर यूरिन गाढ़ा होने लगता है, जिससे स्टोन बनने का खतरा बढ़ सकता है।
इसलिए दिनभर में पर्याप्त पानी पीना किडनी को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है।
अगर किसी व्यक्ति को बार-बार किडनी स्टोन की समस्या हो रही है, पेशाब में खून आ रहा हो या तेज दर्द महसूस हो रहा हो, तो केवल घरेलू उपायों के भरोसे नहीं रहना चाहिए।
ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है। समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

