Bank: आज के समय में UPI लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। चाय-नाश्ते से लेकर किराने का सामान खरीदने तक, ज्यादातर लोग फोन से ही भुगतान करना पसंद करते हैं।
अब तक हर छोटे-बड़े UPI ट्रांजैक्शन के बाद बैंक की तरफ से SMS आता था, जिससे ग्राहकों को तुरंत पता चल जाता था कि उनके खाते से पैसे कटे हैं या नहीं। लेकिन नए साल से HDFC Bank के ग्राहकों को इस सुविधा में बदलाव देखने को मिलेगा।
HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को सूचना दी है कि 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये या उससे कम के UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट भेजना बंद कर दिया जाएगा।
यानी अगर कोई ग्राहक 100, 200 या 500 रुपये का भुगतान करता है तो उसके मोबाइल पर बैंक की ओर से ट्रांजैक्शन का SMS नहीं आएगा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पेमेंट की जानकारी मिलनी पूरी तरह बंद हो जाएगी।
RBI के नए नियम से बदलेगी व्यवस्था
दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़े SMS अलर्ट को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।
इसके तहत 500 रुपये से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर बैंकों को ग्राहकों के मोबाइल पर तुरंत SMS अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा।
वहीं 500 रुपये तक के ट्रांजैक्शन के लिए SMS भेजना बैंकों की अपनी नीति पर निर्भर करेगा। यानी बैंक चाहें तो छोटे लेनदेन पर भी SMS भेज सकते हैं और चाहें तो इस सुविधा को बंद कर सकते हैं।
हालांकि अगर बैंक 500 रुपये तक के ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट भेजने का फैसला करते हैं तो इसके लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा सकेगा।
यह नियम केवल UPI भुगतान तक सीमित नहीं है, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग के अन्य लेनदेन पर भी लागू होगा।
SMS नहीं आएगा तो कैसे मिलेगी पेमेंट की जानकारी?
HDFC Bank के ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि SMS अलर्ट बंद होने के बावजूद ट्रांजैक्शन की जानकारी मिलने के दूसरे रास्ते खुले रहेंगे।
बैंक के मुताबिक, सभी UPI ट्रांजैक्शन के लिए ईमेल अलर्ट जारी रहेगा। यानी ग्राहक अपने रजिस्टर्ड ईमेल पर भुगतान से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।
इसके अलावा बैंक अपनी सुविधा और नीतियों के अनुसार मोबाइल ऐप अलर्ट और पुश नोटिफिकेशन जैसे विकल्प भी उपलब्ध करा सकता है।
ऐसे में HDFC Bank के ग्राहकों को नए साल से छोटी रकम के UPI भुगतान के बाद SMS का इंतजार करने की आदत बदलनी पड़ सकती है।
बेहतर होगा कि ग्राहक अपने बैंक में रजिस्टर्ड ईमेल आईडी की जांच कर लें और मोबाइल ऐप के नोटिफिकेशन भी चालू रखें, ताकि किसी भी लेनदेन की जानकारी समय पर मिलती रहे।

