Amroha Rape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में 8 वर्षीय दलित बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
रहरा थाना क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने आरोपी फरमान अली के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया।
वहीं, मुख्य आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
खेल रही बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले गया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 8 वर्षीय दलित बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान गांव का ही रहने वाला फरमान अली वहां पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर अपनी बैलगाड़ी में बैठाकर खेत की तरफ ले गया।
आरोप है कि वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देने के बाद उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद बच्ची किसी तरह घर पहुंची। उसके कपड़ों पर खून के निशान और उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए। पूछताछ करने पर बच्ची ने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार तुरंत थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी।
पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी फरमान अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO) और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था।
पुलिस ने आरोपी के परिवार को उसे पेश करने के लिए समय दिया, लेकिन तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी वह सामने नहीं आया।
5 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होते ही चला बुलडोजर
Amroha Rape Case: पुलिस और प्रशासन ने आरोपी के परिजनों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि फरमान अली को जल्द पुलिस के हवाले नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जब अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भी आरोपी सामने नहीं आया तो प्रशासन ने उसके मकान की पैमाइश कराई। जांच के दौरान मकान का एक हिस्सा अवैध पाया गया।
इसके बाद देर शाम पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी के अवैध कमरे तथा बाथरूम को ध्वस्त कर दिया। वहीं, घर के पास खड़ी उसकी बैलगाड़ी को भी तोड़ दिया गया।
रात में हुई कार्रवाई देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव स्वयं पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मासूम बच्ची के साथ हुई इस जघन्य घटना को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपी फरमान अली की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने की सख्त सजा की मांग
Amroha Rape Case: पीड़ित परिवार ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस से कठोर कदम उठाने की उम्मीद थी।
परिवार ने मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर अदालत के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एक बार फिर चर्चा में आया ‘बुलडोजर मॉडल’
अमरोहा की इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के चर्चित ‘बुलडोजर मॉडल’ की एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने और मुकदमा दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर प्रशासन द्वारा आरोपी के अवैध निर्माण पर की गई कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, जबकि पीड़ित बच्ची का इलाज जारी है। प्रशासन का कहना है कि मामले में कानून के तहत हर संभव कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मस्जिद में उर्दू पढ़ने गई 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी इमाम फरार

