UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण ने बड़ा कदम उठाते हुए 45 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
इसके साथ ही पार्टी ने प्रदेशभर में चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची में जिन नेताओं को विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है, वही आगामी चुनाव में आजाद समाज पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे।
इस रणनीति को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संगठनात्मक मॉडल की तर्ज पर देखा जा रहा है, जहां प्रभारियों को चुनावी जिम्मेदारी के साथ उम्मीदवार भी बनाया जाता है।
संगठन मजबूत करने की रणनीति
चंद्रशेखर आजाद लंबे समय से उत्तर प्रदेश में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
अब चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ने की तैयारी में है।
समय से पहले उम्मीदवार घोषित होने से उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों पर काम करने का अवसर मिलेगा।
चुनावी तैयारी को मिलेगी बढ़त
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि चुनाव से पहले उम्मीदवार घोषित करने से पार्टी को संगठन मजबूत करने का पर्याप्त समय मिलता है।
इससे उम्मीदवार अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर सकते हैं। यही वजह है कि आजाद समाज पार्टी ने चुनावी तैयारियों की शुरुआत समय रहते कर दी है।
2027 चुनाव पर रहेगी नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है।
ऐसे में आजाद समाज पार्टी की ओर से 45 उम्मीदवारों की घोषणा को चुनावी रणनीति का अहम कदम माना जा रहा है।
आने वाले दिनों में पार्टी अन्य विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है।
अब देखना होगा कि चंद्रशेखर आजाद की यह रणनीति आगामी चुनाव में पार्टी को कितना राजनीतिक फायदा दिला पाती है।

