सम्राट चौधरी
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार 14 अप्रैल 2026 को पटना में बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया।
सम्राट चौधरी बुधवार 15 अप्रैल 2026 को बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे वहां उपस्थित सभी विधायकों ने एकमत से स्वीकार किया।
सम्राट चौधरी ने कहा, यह पद नहीं बल्कि अवसर है
नाम की घोषणा के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और बिहार की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि यह उनके लिए बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लिया। उन्होंने जनता के स्नेह और आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया।
नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
इससे पहले नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। करीब 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने पद छोड़ने के बाद X पर एक विदाई संदेश भी साझा किया।
नीतीश कुमार ने लिखा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी। तब से बिहार में कानून का राज कायम हुआ और विकास कार्य निरंतर जारी रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी वर्गों, हिंदू, मुस्लिम, अगड़े, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और महादलित, सभी के लिए काम किया।
शिक्षा से सड़क तक, हर क्षेत्र में हुआ काम
नीतीश कुमार ने विदाई संदेश में कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि समेत हर क्षेत्र में काम हुआ है। महिलाओं और युवाओं के लिए भी बड़े पैमाने पर योजनाएं चलाई गईं। उन्होंने बताया कि विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है।
यह योजना वर्ष 2025 से 2030 की अवधि के लिए बनाई गई है। नीतीश कुमार के अनुसार इस योजना के क्रियान्वयन से बिहार में और अधिक विकास कार्य होंगे और राज्य तेज गति से प्रगति करेगा।
मोदी को नमन, नई सरकार को पूरा सहयोग का भरोसा
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार और तेज गति से विकसित होगा और देश के शीर्ष राज्यों में अपनी जगह बनाएगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने बिहार के लोगों के लिए लंबे समय तक निरंतर सेवा की है। अब नई सरकार राज्य के विकास की जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने नई सरकार को अपना पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया।

