Gujarat Nikay Chunav: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के परिणाम आ गए। भाजपा ने एक बार फिर से अपना परचम लहराते हुए 68 नगर पालिका में से 60 पर प्रचंड जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से 15 नगर पालिका छीन ली हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी को दो नगर पालिकाओं में जीत मिली है। राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव पहली बार ओबीसी वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण लागू होने के बाद हुए हैं। राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 16 फरवरी को मतदान हुआ था। मंगलवार को मतगणना के बाद भाजपा 60 नगर पालिकाओं और 3 तालुका पंचायतों में स्पष्ट विजेता बनकर उभरी।
Gujarat Nikay Chunav: परिणामों में किस दल को कितनी सीट?
भाजपा को 1403 सीटें, कांग्रेस को 260, समाजवादी पार्टी को 34, आम आदमी पार्टी को 28, बहुजन समाज पार्टी को बसपा को 19 और निर्दलीयों को 151 सीटों पर जीत मिली है। भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बावजूद द्वारका के सलाया नगर पालिका में उसका खाता नहीं खुल। यहां आम आदमी पार्टी को 13 जबकि कांग्रेस के खाते में 15 सीटें आईं।
बीजेपी के 213 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार स्थानीय निकायों की 213 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया, क्योंकि इन सीटों पर कांग्रेस और अन्य दलों के हटने के बाद केवल भाजपा के उम्मीदवार ही मैदान में रह गए थे। इनमें जूनागढ़ निगम की 8 सीटें भी शामिल हैं। जूनागढ़ नगर निगम चुनाव में 44.32 फीसदी मतदान हुआ। नगर पालिकाओं के चुनाव में 61.65 फीसदी, जबकि तालुका चुनावों में 65.07 फीसदी मत पड़े।
गुजरात के लोग बार-बार जता रहे भरोसा : मोदी
चुनाव परिणाम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि गुजरात के साथ पार्टी का बंधन और मजबूत हुआ है। मोदी ने राज्य के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह विकास की राजनीति की एक और जीत है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, यह बहुत खुशी की बात है कि गुजरात के लोग बार-बार हम पर अपना भरोसा जता रहे हैं। जनता का ये विशेष आशीर्वाद हमें लोगों की सेवा करने के लिए और अधिक ऊर्जा देते हैं। पीएम मोदी ने जमीन पर उनके प्रयासों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर प्रशंसा की।
यह भी पढ़े: Age Of Maturity: जाने किस उम्र में आती है लड़के-लड़कियों में मेच्योरिटी