Gaganyaan Mission: भारत अब अंतरिक्ष की दुनिया में एक नया इतिहास रचने की तैयारी कर रहा है। चांद और मंगल तक अपनी पहुंच बनाने के बाद अब इसरो की नजर इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने पर है।
देश का पहला मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ इसी सपने को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी से करीब 400 किलोमीटर ऊपर भेजने की योजना है।
हालांकि, इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने से पहले इसरो कई मानवरहित उड़ानों के जरिए अपनी तकनीक की जांच करेगा।
दिसंबर 2026 में हो सकती है पहली टेस्ट उड़ान
गगनयान मिशन की पहली मानवरहित उड़ान G-1 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, इस उड़ान को दिसंबर 2026 के आखिरी दिनों या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है।
इस पहली उड़ान में कोई अंतरिक्ष यात्री नहीं जाएगा। इसके बजाय क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
इस दौरान वैज्ञानिक जांचेंगे कि अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद सभी उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। सबसे अहम परीक्षा क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी होगी।
अंतरिक्ष से कैसे धरती पर लौटेंगे यात्री?
गगनयान मिशन के लिए इसरो खास HLVM3 रॉकेट तैयार कर रहा है। इसी की मदद से अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर जाने वाला कैप्सूल पृथ्वी की निचली कक्षा तक पहुंचेगा।
वापसी के समय क्रू मॉड्यूल को धरती के वायुमंडल में प्रवेश करना होगा। इस दौरान बहुत ज्यादा गर्मी पैदा होती है। इससे बचाने के लिए कैप्सूल में खास हीट शील्ड लगाई जाएगी।
इसके बाद पैराशूट खुलेंगे, जो कैप्सूल की रफ्तार कम करेंगे। आखिर में यह समुद्र में उतरेगा। वहां से बचाव दल इसे सुरक्षित बाहर निकालेगा।
पहली उड़ान में नहीं जाएगा व्योममित्र
गगनयान मिशन में व्योममित्र नाम का एक खास रोबोट भी शामिल किया जाना है। इसे इंसान की तरह काम करने के लिए तैयार किया गया है। इसका काम अंतरिक्ष में मौजूद परिस्थितियों और उपकरणों की जांच करना है।
हालांकि, पहली मानवरहित उड़ान में व्योममित्र को नहीं भेजा जाएगा। इसे दूसरी उड़ान में शामिल करने की योजना है। इससे वैज्ञानिकों को इंसानों की उड़ान से पहले जरूरी जानकारी मिल सकेगी।
2028 में अंतरिक्ष में जाएंगे भारतीय गगनयात्री?
गगनयान मिशन की पहली दो मानवरहित उड़ानें सफल होने के बाद इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी है। योजना के मुताबिक, मार्च 2028 तक दो या तीन भारतीय अंतरिक्ष यात्री इस मिशन के तहत उड़ान भर सकते हैं।
ये गगनयात्री पृथ्वी से करीब 400 किलोमीटर ऊपर तीन दिन बिताएंगे।
इस दौरान वे अंतरिक्ष में कई वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे और वहां काम करने वाली तकनीकों का परीक्षण करेंगे। इसके बाद कैप्सूल के जरिए उनकी सुरक्षित वापसी कराई जाएगी।
अगर भारत इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर लेता है, तो वह अमेरिका, रूस और चीन के बाद अपने दम पर इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। गगनयान की सफलता न केवल इसरो के लिए, बल्कि पूरे देश के वैज्ञानिक सफर के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

