सोनिया गांधी
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में अपनी देवरानी मेनका गांधी के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट का विस्तार से वर्णन किया है। उन्होंने बताया है कि कैसे दोनों के बीच शुरू हुआ मामूली मनमुटाव धीरे धीरे पूरे गांधी परिवार में गहरी दरार का कारण बन गया।
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में मेनका गांधी के व्यवहार, संजय गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं, राजीव और संजय के बिगड़ते संबंधों तथा इंदिरा गांधी के साथ हुए पारिवारिक टकराव का उल्लेख है। उन्होंने मेनका पर पत्रकारों के माध्यम से झूठी कहानियां फैलाने के आरोप भी लगाए हैं।
संजय गांधी से 1973 में हुई थी मेनका की मुलाकात, 18 साल की उम्र में बनीं गांधी परिवार की बहू
सोनिया गांधी ने लिखा है कि संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से 1973 के आखिर में हुई थी। उस समय मेनका लगभग 17 वर्ष की थीं और संजय से दस साल छोटी थीं। दोनों की मुलाकात एक परिचित की सगाई के समारोह में हुई थी।
सोनिया ने अपनी किताब में मेनका का परिचय एक सुंदर, चंचल और जीवंत लड़की के रूप में दिया है। दोनों के रिश्ते को लेकर इंदिरा गांधी को शुरुआत में चिंता थी, क्योंकि संजय उम्र में बड़े और अपने स्वभाव में काफी स्वतंत्र थे।
जुलाई 1974 में संजय और मेनका की सगाई हुई और सितंबर 1974 में दोनों ने विवाह कर लिया। संजय ने मेनका की सगाई की अंगूठी अपनी मां के गहनों में से चुनी थी। इंदिरा गांधी ने मेनका को विवाह की साड़ी के लिए कपड़ा भी दिया था।
सोनिया गांधी ने लिखा मेनका हंसमुख और बातूनी थीं, प्रियंका भी सुनती थीं उनकी कहानियां
सोनिया गांधी ने मेनका के शुरुआती स्वभाव का उल्लेख करते हुए लिखा है, “मेनका बहुत उत्साही, बातूनी और जोश से भरी हुई लड़की थीं।” उनके अनुसार, परिवार में छोटी देवरानी के आने से शुरुआत में घर का वातावरण अधिक जीवंत और आनंदपूर्ण हो गया था।
सोनिया ने बताया है कि कभी कभी मेनका की हंसी दूसरे कमरे तक सुनाई देती थी। वह स्वयं भी उनके कमरे में जाकर बातचीत में शामिल हो जाती थीं। मेनका अपने दोस्तों और पढ़ी हुई किताबों के बारे में उत्साहपूर्वक बातें किया करती थीं।
सोनिया गांधी ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि प्रियंका अक्सर अपनी चाची मेनका के कमरे में पहुंच जाती थीं और उनकी कहानियां सुनती थीं। शुरुआती दिनों में दोनों बहुओं के बीच ऐसा कोई बड़ा टकराव नहीं था।
बहूरानी और छोटी बहू के संबोधन से शुरू हुई दोनों के बीच कड़वाहट
सोनिया गांधी ने अपने और मेनका के बीच शुरुआती मतभेदों का एक महत्वपूर्ण कारण घर में इस्तेमाल होने वाले संबोधनों को बताया है। गांधी परिवार का घरेलू कर्मचारी वर्ग सोनिया को “बहूरानी” कहकर बुलाता था, जबकि मेनका के लिए “छोटी बहू” संबोधन इस्तेमाल होता था।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि उनकी दृष्टि में यह केवल परिवार की परंपरा से जुड़ा संबोधन था। उन्होंने दोनों को घर की बराबर बेटियां माना था और उनका विश्वास था कि परिवार में दोनों के लिए पर्याप्त स्थान और सम्मान उपलब्ध था।
लेकिन सोनिया के अनुसार, मेनका शायद इस संबोधन को अपने प्रति अपमान समझती थीं। उन्हें ऐसा महसूस होता था कि छोटी बहू कहकर परिवार में उनका स्थान कमतर बताया जा रहा है। सोनिया ने इसी भावना को बढ़ते मनमुटाव के कारणों में गिनाया है।
मेनका के रूखे व्यवहार पर चुप रहती थीं सोनिया लेकिन कभी कड़ा जवाब भी देती थीं
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में मेनका के बातचीत करने के तरीके को लेकर भी टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा कि मेनका कभी कभी उनके साथ रूखे अंदाज में बात करती थीं, लेकिन घर का वातावरण शांत रखने के लिए वह प्रायः कोई प्रतिक्रिया नहीं देती थीं।
सोनिया ने लिखा है, “जब वह रूखे ढंग से बोलती थीं, तो मैं आम तौर पर शांति बनाए रखने के लिए चुप रहती थी। लेकिन जब मुझे लगता कि बात बहुत आगे बढ़ गई है, तो मैं भी कड़ा जवाब देती थी।”
सोनिया गांधी के अनुसार, समय बीतने के साथ घर का वातावरण बदलने लगा और छोटी छोटी बातों पर तनाव बढ़ने लगा। उनका मानना था कि स्वतंत्र और मिलनसार स्वभाव वाली मेनका के लिए गांधी परिवार के संयुक्त पारिवारिक जीवन में सामंजस्य बैठाना आसान नहीं रहा होगा।
इंदिरा गांधी के सामने भी गालियां देती थीं मेनका, संजय को होती थी शर्मिंदगी
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में संजय और मेनका के वैवाहिक संबंधों को लेकर भी गंभीर बातें लिखी हैं। उनके अनुसार, विवाह के कुछ महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे और उनकी आपसी बहस बंद कमरे से बाहर सुनाई देने लगी।
सोनिया ने लिखा है कि संजय और मेनका के बीच होने वाली बातचीत कई बार इतनी तीखी हो जाती थी कि उनकी आवाजें पूरे घर में सुनाई देती थीं। गुस्से में मेनका ऐसे अपशब्द इस्तेमाल करती थीं, जिन्हें परिवार में बोलना अनुचित माना जाता था।
इस संबंध में सोनिया गांधी ने लिखा है, “गुस्से में वह गालियां देती थीं, यहां तक कि मेरी सास की मौजूदगी में भी। ऐसे शब्द हमारे घर में वर्जित थे। इससे संजय को शर्मिंदगी होती थी और हम सभी हैरान रह जाते थे।”
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि मेनका को परिवार के वातावरण में कुछ सहजता तब महसूस होने लगी, जब उन्होंने संजय गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाना शुरू किया। हालांकि इसी दौरान परिवार के भीतर राजनीतिक मतभेद भी अधिक स्पष्ट होने लगे थे।
मेनका के कारण राजीव और संजय गांधी के रिश्तों में आई दरार
सोनिया गांधी ने राजीव और संजय गांधी के संबंधों को लेकर भी महत्वपूर्ण खुलासा किया है। उन्होंने लिखा कि दोनों भाई पहले एक दूसरे के बेहद करीब थे और उनके बीच गहरा लगाव था। लेकिन बाद में राजनीतिक गतिविधियों और पारिवारिक मतभेदों से उनके संबंध प्रभावित हुए।
सोनिया के अनुसार, मेनका का संजय की राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ता प्रभाव दोनों भाइयों के बीच दूरी का एक कारण बना। राजीव गांधी राजनीति से दूर रहकर पायलट के रूप में अपना जीवन बिताना चाहते थे, जबकि संजय राजनीतिक शक्ति हासिल करने में सक्रिय थे।
राजीव को उस समय गहरी ठेस पहुंची, जब एक दोस्त के माध्यम से उन्हें पता चला कि मेनका ने कथित रूप से कहा है कि राजीव अपने छोटे भाई संजय की बढ़ती राजनीतिक ताकत से जलते हैं। सोनिया ने इस प्रसंग को पारिवारिक कटुता से जोड़ा है।
इंदिरा गांधी ने मेनका के लिए कहा था उसके अभी से पर निकलने लगे हैं
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में संजय गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और इंदिरा गांधी की चिंताओं का भी वर्णन किया है। आपातकाल के दौरान संजय का राजनीतिक प्रभाव बढ़ा था और उनके कई निर्णयों तथा गतिविधियों को लेकर विवाद भी पैदा हुए थे।
सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी को लगता था कि मेनका संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को नियंत्रित करने के बजाय उन्हें और प्रोत्साहित कर रही हैं। इससे संजय के व्यवहार और राजनीतिक फैसलों को लेकर परिवार में पहले से मौजूद चिंताएं और बढ़ गई थीं।
सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी और तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर के बीच हुई एक बातचीत का उल्लेख किया है। इसमें इंदिरा गांधी ने मेनका के संबंध में कहा था, “उसके अभी से पर निकलने लगे हैं।” यह टिप्पणी उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के संदर्भ में थी।
कांग्रेस की चुनावी हार पर राजीव गांधी ने संजय को ठहराया था जिम्मेदार
सोनिया गांधी ने 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय और उसके बाद 1978 के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख किया है। आपातकाल समाप्त होने के बाद हुए 1977 के चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों अपनी संसदीय सीटें हार गए थे।
सोनिया के अनुसार, राजीव गांधी कांग्रेस की पराजय और परिवार के सामने आई कठिन परिस्थितियों के लिए संजय के कुछ फैसलों को जिम्मेदार मानते थे। उन्हें संजय की जिद, जल्दबाजी और पर्याप्त विचार किए बिना राजनीतिक कार्यक्रम लागू करने की प्रवृत्ति पर आपत्ति थी।
राजीव का मानना था कि संजय कई बार अपनी मां की जानकारी के बिना आदेश जारी कर देते थे। वह अनुभवी लोगों की सलाह भी नहीं मानते थे। इन्हीं बातों को लेकर परिवार में दोनों भाइयों के बीच एक बार बेहद तीखी बहस हुई थी।
सोनिया गांधी ने उस दौरान राजीव के शब्दों का उल्लेख करते हुए लिखा है, “मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता संजय, तुमने मां को इस हाल में पहुंचा दिया है।” इस टिप्पणी के पीछे कांग्रेस की चुनावी पराजय और इंदिरा गांधी की कठिन राजनीतिक परिस्थितियां थीं।
इंदिरा गांधी ने भी उस बहस में राजीव की बात का समर्थन किया था। उन्होंने संजय से कहा था, “राजीव जो कह रहा है वह सच है संजय। कितनी बार तुमने मेरी जानकारी के बिना आदेश दिए थे।” इससे परिवार के भीतर तनाव बढ़ गया।
सोनिया गांधी के अनुसार, इस बहस में मेनका ने भी हस्तक्षेप किया था। इंदिरा गांधी ने आवाज ऊंची करके उन्हें राजीव के आरोपों का खंडन करने की चुनौती दी। इसके बाद मेनका बातचीत से पीछे हट गईं, लेकिन उनके मन में परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई।
मेनका की नजर में हम दुश्मन थे, पत्रकारों के जरिए झूठी कहानियां फैलाने का आरोप
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में मेनका के खिलाफ सबसे गंभीर आरोप पत्रकारों के माध्यम से परिवार के बारे में नकारात्मक खबरें फैलाने का लगाया है। उन्होंने लिखा कि मेनका के व्यवहार में लगातार व्यंग्य और कटुता दिखाई देने लगी थी, जिससे पारिवारिक संबंध प्रभावित हुए।
सोनिया गांधी ने लिखा है, “जहां तक मेनका का सवाल था, उनकी नजर में हम दुश्मन थे। वह अपने संपर्क वाले पत्रकारों के माध्यम से हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं।” इस टिप्पणी में उन्होंने मेनका और अपने बीच बढ़ती शत्रुता का उल्लेख किया है।
सोनिया गांधी ने विशेष रूप से उस बात का उल्लेख किया है, जिसमें राजीव और उनके बारे में देश छोड़कर भागने की योजना बनाने की बात प्रचारित की गई थी। उनके अनुसार, यह बात कांग्रेस की चुनावी पराजय के बाद फैलाई गई थी।
सोनिया ने लिखा है, “सबसे ज्यादा तकलीफ देने वाला सरासर झूठ यह था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और मैं देश छोड़कर भागना चाहते थे।” उन्होंने इस कहानी को पूरी तरह गलत बताया और लिखा कि इससे दोनों को गहरी चोट पहुंची थी।
संजय गांधी की मौत के बाद बढ़ा विवाद, मेनका को राजनीति में लाने की कोशिश
23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मृत्यु हो गई। उस समय उनकी उम्र 33 वर्ष थी। मेनका गांधी केवल 23 वर्ष की थीं और उनका बेटा फिरोज वरुण गांधी महज तीन महीने का था।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि संजय की मृत्यु के बाद परिवार में राजनीतिक उत्तराधिकार का प्रश्न भी सामने आने लगा। मेनका की मां पर संजय के समर्थकों को यह कहकर प्रोत्साहित करने की बात सामने आई कि मेनका को राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका मिलनी चाहिए।
लेकिन इंदिरा गांधी का दृष्टिकोण इससे अलग था। सोनिया के अनुसार, इंदिरा को लगता था कि 23 वर्ष की मेनका अभी राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए बहुत छोटी और अनुभवहीन हैं। उन्हें पहले अपने नवजात बेटे की देखभाल करनी चाहिए।
सोनिया ने इंदिरा गांधी की सोच का उल्लेख करते हुए लिखा है, “उनके पास तीन महीने का बच्चा था और उन्हें उसके साथ रहने की जरूरत थी। उन्हें धैर्य रखना चाहिए था। अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए आगे पर्याप्त समय मिलने वाला था।”
वरुण गांधी का जन्मदिन वसुंधरा राजे के घर मनाने पर नाराज हुई थीं इंदिरा गांधी
मार्च 1981 में फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन आया। सोनिया गांधी के अनुसार, इंदिरा गांधी ने मेनका से परिवार और कुछ बच्चों के साथ छोटा समारोह आयोजित करने की बात कही थी, लेकिन मेनका ने इस सुझाव को स्वीकार नहीं किया।
बाद में इंदिरा गांधी को पता चला कि वरुण के जन्मदिन का समारोह वसुंधरा राजे के घर पर आयोजित किया गया था। वसुंधरा राजे ग्वालियर की राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बेटी थीं और उस समय इंदिरा गांधी के राजनीतिक विरोधी परिवार से संबंधित थीं।
सोनिया गांधी ने वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समर्थक और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी बताया है। उनके अनुसार, परिवार के बाहर और राजनीतिक विरोधियों के घर पर पोते का पहला जन्मदिन मनाए जाने से इंदिरा गांधी को गहरा आघात पहुंचा।
सोनिया ने मेनका की पत्रिका ‘सूर्या’ को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े एक व्यक्ति को बेचे जाने की घटना का भी उल्लेख किया है। उन्होंने इसे इंदिरा गांधी और परिवार की राजनीतिक विरासत के प्रति अपमानजनक कदम के रूप में प्रस्तुत किया है।
सोनिया गांधी ने इस घटनाक्रम के संबंध में लिखा है, “इस कदम से मेनका ने सारी सीमाएं पार कर दी थीं। मेरी सास के लिए यह जानबूझकर दी गई चुनौती थी।” इसके बाद परिवार के भीतर चल रहा विवाद और गंभीर हो गया।
इंदिरा गांधी के लंदन जाने के दौरान मेनका ने घर से सामान निकालना शुरू किया
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में परिवार से मेनका के अलग होने से पहले की घटनाओं का भी वर्णन किया है। उन्होंने लिखा कि इंदिरा गांधी जब आधिकारिक यात्रा पर लंदन गई हुई थीं, तब मेनका ने घर से अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था।
इंदिरा गांधी को जब इसकी जानकारी मिली, तो वह नाराज हुईं। लौटने के बाद उन्होंने मेनका से उनकी राजनीतिक गतिविधियों और पारिवारिक व्यवहार को लेकर बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेनका को अपना रवैया बदलना होगा अथवा परिवार से अलग रहना होगा।
सोनिया गांधी के अनुसार, मेनका ने इसके जवाब में इंदिरा गांधी को आरोपों से भरा पत्र भेजा। सोनिया ने लिखा कि इस पत्र का उद्देश्य उनकी सास की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था और घर छोड़ने की जिम्मेदारी उन्हीं पर डालना था।
सोनिया ने यह भी लिखा है कि मेनका ने घर छोड़ने की योजना पहले ही तैयार कर ली थी। उनके अनुसार, मेनका ने इस संबंध में कई सप्ताह पहले अपने एक पत्रकार मित्र से बातचीत की थी और सार्वजनिक विवाद खड़ा करने की तैयारी की थी।
मार्च 1982 में मेनका गांधी ने छोड़ा इंदिरा गांधी का घर
गांधी परिवार के भीतर चल रहा विवाद आखिरकार मार्च 1982 में सार्वजनिक रूप से सामने आया। मेनका गांधी अपने बेटे वरुण के साथ दिल्ली के 1 सफदरजंग रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास से अलग हो गईं। इस घटनाक्रम ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि जिस समय इंदिरा और मेनका के बीच अंतिम टकराव हुआ, उस समय वह और राजीव घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद बाद में मेनका के घर छोड़ने के लिए उन दोनों को भी जिम्मेदार ठहराया गया।
सोनिया ने इस पूरे विवाद को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किए जाने के तरीके की आलोचना की है। उन्होंने लिखा है कि घटनाओं को जिस प्रकार प्रचारित किया गया और उसके बाद जिस तरह का राजनीतिक तमाशा हुआ, वह आज के रियलिटी शो जैसा था।
सोनिया गांधी के अनुसार, परिवार का एक निजी विवाद सार्वजनिक चर्चा और राजनीतिक आरोपों का विषय बन गया था। उन्होंने मेनका के घर छोड़ने की घटना को केवल व्यक्तिगत मतभेद नहीं, बल्कि प्रचार और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से प्रभावित पारिवारिक टूट के रूप में देखा है।
वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर भी हुआ विवाद
मेनका गांधी के घर छोड़ने के बाद भी परिवार के बीच विवाद समाप्त नहीं हुआ। सोनिया गांधी ने लिखा है कि वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई हुई। गांधी परिवार चाहता था कि इंदिरा गांधी अपने पोते से मिल सकें।
सोनिया ने एक घटना का उल्लेख किया है, जब वरुण लगभग चार वर्ष के थे। इंदिरा गांधी ने उनसे वरुण के नर्सरी स्कूल में जन्मदिन के उपहार पहुंचाने के लिए कहा था। इसके बाद मेनका ने सोनिया पर बच्चे के अपहरण की कोशिश का आरोप लगाया था।
सोनिया के अनुसार, मेनका ने समाचारपत्रों में यह आरोप लगाया कि उन्हें वरुण को अगवा करने के लिए भेजा गया था। उन्होंने इस प्रसंग को परिवार के बीच अविश्वास और कटुता के उस दौर का उदाहरण बताया, जिसमें सामान्य पारिवारिक संपर्क भी विवाद बन गया था।
2003 में मेनका गांधी ने सोनिया से मतभेद पर बताया था अपना अलग पक्ष
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जहां मेनका के व्यवहार और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पारिवारिक तनाव से जोड़ा है, वहीं मेनका गांधी ने 2003 में सिमी गरेवाल के साथ एक साक्षात्कार में दोनों के स्वभाव और जीवनशैली के अंतर पर बात की थी।
मेनका ने बताया था कि सोनिया और वह दो अलग विचारधाराओं तथा रुचियों का प्रतिनिधित्व करती थीं। उनके अनुसार, सोनिया और राजीव के मित्रों का दायरा अधिक पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित था और उनकी सामाजिक गतिविधियां भी उसी वातावरण से जुड़ी हुई थीं।
मेनका गांधी ने सोनिया के रहन सहन, पश्चिमी दोस्तों, बाहर घूमने और खरीदारी जैसी रुचियों का उल्लेख किया था। इसके विपरीत उन्होंने स्वयं को किताबें पढ़ने और अपेक्षाकृत अलग जीवनशैली पसंद करने वाली महिला बताया था। दोनों के व्यक्तित्व में यही अंतर दिखाई देता था।
गांधी परिवार की दो बहुओं के मतभेद ने बदल दी देश की राजनीतिक तस्वीर
सोनिया और मेनका गांधी के बीच हुए इस पारिवारिक विवाद का प्रभाव आने वाले वर्षों में देश की राजनीति पर भी पड़ा। मेनका गांधी ने अलग राजनीतिक रास्ता चुना और 1984 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा।
बाद में मेनका गांधी 1988 में विश्वनाथ प्रताप सिंह के जनता दल से जुड़ीं और 2004 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं। उनके बेटे वरुण गांधी ने भी भाजपा के माध्यम से अपना राजनीतिक जीवन आगे बढ़ाया और संसद सदस्य बने।
सोनिया गांधी की आत्मकथा में मेनका के साथ रिश्तों का यह वर्णन गांधी परिवार के निजी जीवन का एक ऐसा पक्ष सामने लाता है, जिसमें घरेलू संबोधनों से शुरू हुए मतभेद व्यक्तिगत आरोपों, राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और सार्वजनिक विवादों तक पहुंच गए।
इस पूरे घटनाक्रम में सोनिया गांधी ने मेनका के शुरुआती हंसमुख स्वभाव से लेकर इंदिरा गांधी के साथ अंतिम टकराव तक की घटनाओं को अपनी दृष्टि से प्रस्तुत किया है। वहीं मेनका के पुराने साक्षात्कार में दोनों के बीच जीवनशैली और सोच के अंतर पर जोर दिखाई देता है।

