Monday, February 23, 2026

सोनभद्र में मंदिर अपवित्र करने का मामला: पाँच मजहबी नाबालिगों पर केस दर्ज, तीन हिरासत में

सोनभद्र में मंदिर अपवित्र करने का मामला: जनपद सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहेरा गाँव में एक प्राचीन शिव मंदिर को अपवित्र करने के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

आरोप है कि गाँव के ही मुस्लिम समुदाय से जुड़े पाँच नाबालिग लड़कों ने मंदिर परिसर में अमर्यादित हरकत की, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, वहीं हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने करमा थाने का घेराव कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की माँग की।

क्या है पूरा मामला?

मंदिर के पुजारी अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, उनके घर के सामने स्थित प्राचीन शंकर मंदिर की दीवार और परिसर में पाँच नाबालिग लड़के पेशाब कर रहे थे।

पुजारी के पुत्र इशांक श्रीवास्तव ने जब उन्हें ऐसा करते देखा और शोर मचाया, तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुँच गए।

आरोप है कि पकड़े जाने के डर से भागते समय नाबालिगों ने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने जैसी धमकियाँ भी दीं। इस घटना के बाद गाँव में आक्रोश फैल गया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

सोनभद्र में मंदिर अपवित्र करने का मामला: पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाँच नाबालिगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है, जिनमें से तीन को हिरासत में लिया गया है।

शेष की तलाश अभी जारी है। बता दें कि आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उनके नाम और पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में धार्मिक भावनाएँ आहत करने, सार्वजनिक स्थल को अपवित्र करने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

नाबालिग होने के कारण प्रकरण को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

मामले के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गाँव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एडिशनल एसपी अनिल कुमार और एडीएम रोहित यादव ने स्वयं मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायज़ा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी, और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई होगी।

अवैध अतिक्रमण का मुद्दा भी जाँच के घेरे में

सोनभद्र में मंदिर अपवित्र करने का मामला: जाँच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि जिस तालाब के किनारे मंदिर स्थित है, वहाँ कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया है।

प्रशासन ने इस पहलू की भी अलग से जाँच शुरू कर दी है और आवश्यक होने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और प्रशासन ने सभी समुदायों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि यह मामला जाँचाधीन है और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ बयानबाज़ी से स्थिति बिगड़ सकती है।

यह मामला केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द से भी जुड़ा हुआ है।

प्रशासन का कहना है कि सच्चाई की निष्पक्ष जाँच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Karnika Pandey
Karnika Pandeyhttps://reportbharathindi.com/
“This is Karnika Pandey, a Senior Journalist with over 3 years of experience in the media industry. She covers politics, lifestyle, entertainment, and compelling life stories with clarity and depth. Known for sharp analysis and impactful storytelling, she brings credibility, balance, and a strong editorial voice to every piece she writes.”
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article