Friday, March 13, 2026

Rajasthan News: जानें राजस्थान की आज की 10 बड़ी खबरें !

Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति इन दिनों फिर से गरमाने लगी है। प्रदेश भाजपा की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

डॉ. अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए सियासी माहौल को और गर्मा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी कर जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि भाजपा जमीनी मुद्दों पर कार्य कर रही है।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को लेकर सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता, संगठन पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rajasthan News: भरतपुर में पानी की पाइप लाइन की साइट पर 3 की मौत

भरतपुर में चंबल प्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्‌टी ढहने से एक ही परिवार के 12 लोग दब गए। हादसे में 2 महिला और एक युवक की मौत हो गई है। अब तक 7 लोगों बाहर निकाला गया है।

हादसा गहनौली थाना इलाके में रविवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। थाना अधिकारी विजय सिंह ने बताया- जंगी के नगला के पास पाइप लाइन के लिए खुदाई की जा रही है। यहां से निकली मिट्‌टी को भरने के लिए फतेहपुर सीकरी (यूपी) के रहने वाले 10 से 12 लोग आए थे।

सभी उट्‌टू गांव के रहने वाले हैं। मिट्टी भरने के दौरान हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची जिला प्रशासन और ग्रामीणों ने 7 लोगों को मिट्‌टी से बाहर निकाला।

Rajasthan News: राजस्थान के 24 जिलों में आज येलो अलर्ट

Rajasthan News: राजस्थान में शनिवार को दिन में ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहा लेकिन शाम होते-होते सीकर, अलवर, भरतपुर, करौली और धौलपुर में कई जगह अच्छी बरसात हुई। आज मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है इसमें अलवर, अजमेर, केकड़ी, ब्यावर, जयपुर ग्रामीण और टोंक में भारी बारिश और तूफान का तात्कालिक अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में अगले 2-3 दिन तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 2 जुलाई से फिर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान में बरसात धीमी होने के साथ ही गर्मी तेज हो गई। श्रीगंगानगर में शनिवार को दिन का पारा 41 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ।

जयपुर एयरपोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

जयपुर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. एयरपोर्ट अथॉरिटी को एक बार फिर धमकी भरा मेल आया है. सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वॉड और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई हैं।

Rajasthan News: यह पहली बार नहीं है कि जब ऐसा मेल आया हो. पहले भी एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, हालांकि यह मेल झूठा साबित हुआ था. इस मेल के जरिए कहा गया कि एयरपोर्ट बिल्डिंग के अंदर विस्फोटक रखा गया है और जल्द ही धमाका होगा । मेल में कहा गया कि अगर बिल्डिंग खाली नहीं कराई गई तो सभी लोग मारे जाएंगे ।

सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं । सीआईएसएफ की ओर से पूरे एयरपोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया । बिल्डिंग, पार्किंग और अन्य हिस्सों में एक-एक कोना खंगाला जा रहा है । हालांकि अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चल पाया है ।

Rajasthan News: बरधा बांध में बहे युवक का 3 दिन बाद मिला शव

बूंदी में हाड़ौती का गोवा कहे जाने वाले बरधा बांध पर पानी के तेज बहाव में युवकों के बहने का वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिया के ऊपर से पानी के तेज बहाव के बीच तीन युवक निकल रहे थे ।

तभी दो युवक सैलाब में पुलिया से नीचे गिर गए और देखते-देखते दोनों सैलाब में बह गए. तीसरे युवक ने जैसे तैसे कर अपनी जान बचाई. पानी के सैलाब में फंसे दोनों युवक मोहित और लक्ष्य अपने आप को संभाल पाते कि सैलाब उन्हें दूर तक खींचता हुआ ले गया और वह पानी में बह गए । घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जैसे तैसे लक्ष्य मालव को बाहर निकाल लिया, लेकिन मोहित तेज़ बहाव में लापता हो गया जिसका शव 3 दिन बाद बरधा बांध से 2 किलोमीटर दूरी पर नदी में एक पेड़ की जड़ों पर मिला,, मोहित के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

Rajasthan News: लाइनमैन की संदिग्ध मौत कंट्रोल रूम में मिला शव

जालोर जिले के बागोड़ा में 33 केवी खोखा ग्रिड सबस्टेशन पर तैनात एक लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटा निवासी लखन मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले एक महीने से खोखा जीएसएस पर कार्यरत थे। घटना बीती रात की है, जब लखन मीणा का शव कंट्रोल रूम में एक कूलर के पास पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि एक निजी व्यक्ति रात को बिजली सप्लाई चालू करवाने के लिए जीएसएस पहुंचा था, तभी उसने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बागोड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्राथमिक जांच में कूलर से करंट लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

भारत-पाक बॉर्डर पर पाकिस्तानी युवक-युवती के मिले शव

Rajasthan News: भारत-पाक सीमा पर जैसलमेर जिले के साधेवाला इलाके में दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है. अंतरराष्ट्रीय सीमा की फेंसिंग के करीब 10 किलोमीटर अंदर मिले ये शव नाबालिगों के हैं । इनमें से एक 18 साल का लड़का और दूसरा करीब 15 साल की लड़की बताया जा रहा है । जांच में पता चला है कि दोनों शव करीब 7-8 दिन पुराने हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है ।

उनके पास से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और एक आईडी कार्ड बरामद हुआ । आईडी कार्ड में युवक का नाम रवि कुमार और उम्र 18 वर्ष दर्ज है। हालांकि, नाबालिग लड़की की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है । इन सुरागों के मिलने के बाद इस बात की प्रबल संभावना जताई जा रही है कि दोनों मृतक पाकिस्तान के हो सकते हैं । फिलहाल पुलिस इस संबंध में गहन जांच कर रही है ।

हाईवे पर फैले अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

किशनगढ़ से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रहे अतिक्रमण और उससे उपज रही ट्रैफिक समस्याओं तथा सड़क दुर्घटनाओं को लेकर शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी निशा सहारण के नेतृत्व में प्रशासनिक दल, पुलिस बल और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम ने मकराना चौराहे से किशनगढ़ एयरपोर्ट तक फैले अतिक्रमण को हटाया।

लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में चले इस अभियान में जेसीबी मशीनों की मदद से टिन शेड, अस्थायी दुकानें, ढाबे, रैंप और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ स्थानीय पटवारी और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Rajasthan News: गिरिराज जी की शरण में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

गोवर्धन में गिरिराज महाराज की पावन तलहटी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सप्तकोसीय परिक्रमा कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले ब्रज वसुंधरा रिसॉर्ट पहुंचीं, जहां से उन्होंने राधेश्याम सेवा सदन होते हुए परिक्रमा प्रारंभ की। परिक्रमा मार्ग में वे डीग जिले स्थित पूंछरी के लौठा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन किए और फिर आगे के लिए रवाना हुईं।

Rajasthan News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। उनके प्रोटोकॉल में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, एएसपी महेश मीणा, एसडीएम देवी सिंह, साइबर क्राइम के सीओ कृष्ण कुमार यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

पुल पर रेडियम पट्टियों से बढ़ेगी सुरक्षा,वन-वे मार्ग पर अब साफ दिखेगा रास्ता

Rajasthan News: हनुमानगढ़ में टाउन-जंक्शन रोड स्थित घग्घर पुल पर रात्रि के समय हो रही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर के निर्देश पर यातायात पुलिस थाना द्वारा पुल के वन-वे मार्ग पर रेडियम पट्टियां लगाई गई हैं। गौरतलब है कि पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिस कारण यह मार्ग वर्तमान में वन-वे कर दिया गया है। रात के समय मार्ग स्पष्ट नजर न आने के कारण वाहन चालकों को असुविधा हो रही थी और दुर्घटना की संभावना लगातार बनी हुई थी। नई व्यवस्था के तहत लगाए गए रेडियम चिन्हों से मार्ग अब स्पष्ट दिखाई देने लगा है, जिससे रात में आवागमन सुरक्षित हो सकेगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Karnika Pandey
Karnika Pandeyhttps://reportbharathindi.com/
“This is Karnika Pandey, a Senior Journalist with over 3 years of experience in the media industry. She covers politics, lifestyle, entertainment, and compelling life stories with clarity and depth. Known for sharp analysis and impactful storytelling, she brings credibility, balance, and a strong editorial voice to every piece she writes.”
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article