लखनऊ में नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग हिंदू छात्रा के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक अमान खान पर छात्रा को जबरन अपने साथ ले जाने, निकाह करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
पीड़िता का परिवार अपनी बेटी की सुरक्षा और उसे वापस लाने के लिए पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहा है।
घटना की जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता हरिओमनगर की निवासी है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी सोमवार, 9 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10 बजे स्कूल के पास मौजूद थी।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अमान खान अचानक वहां आया और अपनी बहनों अमरीन और साहिबा के साथ छात्रा को जबरन अपने साथ लेकर फरार हो गया।
जबरन शादी के लिए बनाया दबाव
लखनऊ में नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला: पीड़िता के परिवार का आरोप है कि इससे पहले, 4 फरवरी 2026 को अमान खान अपनी बहनों के साथ उनके घर आया था।
उस दिन मोहल्ले के लोगों के सामने उसने नाबालिग छात्रा की जबरन शादी कराने का प्रयास किया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की।
पीड़िता की मां ने कहा कि अमान ने उनकी बेटी को डराया धमकाया और धर्मांतरण कराने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
छात्रा की बरामदगी के लिए कई पुलिस टीमें सक्रिय हैं और परिवार तथा मोहल्ले के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है और सुरक्षित ढंग से बेटी को वापस लाने की उम्मीद जताई है। पुलिस भी इसे प्राथमिकता का मामला मानते हुए अपनी पड़ताल जारी रखे हुए है।
यह भी पढ़ें: कनाडा में अंधाधुंध गोलीबारी, महिला शूटर सहित 10 की मौत

