Thursday, March 12, 2026

Increase in MSP: किसानों को मोदी सरकार का तोहफा, दलहन-तिलहन खरीद मूल्य 9 और धान का 3 फीसदी बढ़ा

Increase in MSP: केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों को तोहफा देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़तरी की है। केंद्र ने धान का एमएसपी 3 प्रतिशत (69 रुपये) बढ़ाकर 2369 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया, जबकि 2025-26 खरीफ विपणन सत्र के लिए दलहन एवं तिलहन की दरों में 9 प्रतिशत तक की वृद्धि की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में नए खरीफ सत्र के लिए एमएसपी पर कृषि मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

यह घोषणा ऐसे समय में की गई जब दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से पहले पहुंचा है, जिससे खरीफ फसलों की बोआई को बढ़ावा मिला है। खरीफ की फसल भारत के कुल वार्षिक खाद्यान्न उत्पादन में 50 प्रतिशत से अधिक का योगदान देती है।

किसानों के कल्याण के लिए दो प्रमुख निर्णय

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों से कहा कि किसानों के कल्याण के लिए दो प्रमुख निर्णय किए गए हैं। पहला, खरीफ फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी और दूसरी ब्याज सहायता योजना।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 11 वर्ष में कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिश के अनुरूप 14 खरीफ फसलों के समर्थन मूल्य में भारी वृद्धि हुई है।

‘सामान्य’ एवं ‘ए’ ग्रेड किस्मों के लिए समर्थन मूल्य 2025-26 खरीफ विपणन वर्ष सत्र के लिए 69 रुपये बढ़ाकर क्रमशः 2369 रुपये तथा 2389 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया।

जानें किस फसल का कितना न्यूनतम दाम

केंद्र ने  एमएसपी 2025-26 के लिए 596 रुपये बढ़ाकर 4886 रुपये प्रति क्विंटल, ज्वार का एमएसपी 328 रुपये बढ़ाकर 3699 रुपये प्रति क्विंटल (हाइब्रिड) एवं 3749 रुपये प्रति क्विंटल (मालदानी) किया।

मक्का का एमएसपी 175 रुपये बढ़ाकर 2400 रुपये प्रति क्विंटल और बाजरा का एमएसपी 150 रुपये बढ़ाकर 2775 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

वहीं तिलहनों के एमएसपी में 9 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई। उक्त अवधि के लिए अरहर का समर्थन मूल्य 450 रुपये बढ़ाकर 8000 रुपये प्रति क्विंटल, उड़द का 400 रुपये बढ़ाकर 7400 रुपये प्रति क्विंटल और मूंग का 86 रुपये बढ़ाकर 8768 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया।

इसी तरह, 2025-26 खरीफ विपणन सत्र के लिए मूंगफली का एमएसपी 480 रुपये बढ़ाकर 7263 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन का एमएसपी 436 रुपये बढ़ाकर 5329 रुपये प्रति क्विंटल और सूरजमुखी के बीज का एमएसपी 441 रुपये बढ़ाकर 7721 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

तिल का समर्थन मूल्य 2025-26 के लिए 579 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 9846 रुपये कर दिया गया है, जबकि रामतिल का समर्थन मूल्य 820 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 9537 रुपये कर दिया गया।

नकदी फसलों में कपास का एमएसपी 2025-26 के लिए 589 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा कर क्रमशः 7710 रुपये (मध्यम स्टेपल) और 8110 रुपये (लंबा स्टेपल) कर दिया गया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article