Sunday, March 29, 2026

बिहार चुनाव 2025: प्रियंका ने NDA पर निशाना साधते हुए कहा- पैसे लो, लेकिन वोट…

बिहार चुनाव 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज बेगूसराय के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं।

यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी गरीबदास के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।

प्रियंका ने रोजगार, महंगाई, निजीकरण और महिलाओं की स्थिति पर सवाल उठाए।

बिहार चुनाव 2025: पलायन का दर्द और रोजगार का सवाल

प्रियंका गांधी ने कहा कि यहां के लोग पलायन का दर्द झेल रहे हैं। लहलहाते खेत को छोड़कर लोगों को बाहर जाना पड़ रहा है।

आज महंगाई इतनी बढ़ गई है कि आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। बहुत ज्यादा टैक्स लग रहा है।

उन्होंने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 20 साल सरकार चलाने के बाद भी अब कह रहे हैं कि डेढ़ करोड़ रोजगार देंगे। 20 साल में क्यों नहीं दिया?

बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। यहां पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

देश की संपत्ति दो दोस्तों को बेच दी

प्रियंका ने आरोप लगाया कि देश की संपत्ति थी, जिससे लोगों को रोजगार मिलता था, सरकार ने सब कुछ अपने दो दोस्तों को दे दिया है।

निजीकरण हो गया है और सारा काम ठेकेदारी पर हो रहा है। छोटे-छोटे व्यवसायों को खत्म कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि जो आपका था, वह इन्होंने अपने दोस्तों को बेच दिया है। कुछ नहीं बचा है। आपकी जमीन कौड़ियों के भाव बेची जा रही है। इससे जनता का दिल घबराता है।

डबल इंजन पर प्रियंका का तंज

प्रधानमंत्री मोदी के डबल इंजन की सरकार वाले बयान पर प्रियंका ने कहा कि आपकी कोई सुनवाई नहीं है, आपके मुख्यमंत्री की भी सुनवाई नहीं है।

सब कुछ केंद्र के भरोसे चल रहा है। यह डबल इंजन आपके लिए क्या कर रही है? प्रियंका ने कहा कि ऐसे नेता जो अपने को चमकाने में लगे रहते हैं,

उन्हें जनता से डर हो जाता है, तो वे वोट चोरी करते हैं। जनता जागरूक हो रही है, इसलिए ये घबरा रहे हैं।

महिलाओं की स्थिति

प्रियंका ने बिहार में महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाएं सब कुछ संभालती हैं, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

जनता सोचती है कि दवा कहां मिलेगी? बच्चों की देखभाल कैसे होगी? महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि अपने अधिकारों को अच्छी तरह से समझ लो,

मैं भी महिला हूं। आप मेरे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हो। जो आपके लिए नहीं करता है, उसे निकाल दो। आपका विवेक काम आना चाहिए। आज यह मौका है कि आपका आत्मसम्मान मिले।

रुपये लो, लेकिन वोट सोच समझकर डालो

प्रियंका ने जनता को चेतावनी देते हुए कहा कि अब चुनाव हो रहा है, तो नेता कह रहे हैं दस हजार लो। इसका क्या मतलब है? यह सभी स्कीम आपसे लाभ लेने के लिए हैं।

चुनाव खत्म होते ही सब खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आप रुपये ले लो, लेकिन वोट सोच समझकर डालो। चुनाव का समय है, नेता आएंगे और झूठे वादे करके चले जाएंगे, आप ठगी रह जाओगी।

इस स्थिति से निकलने के लिए आपको बदलाव लाना पड़ेगा। ऐसे नेताओं के चक्कर में नहीं पड़ना है जो सिर्फ अपने चेहरे को चमकाते हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article