Wednesday, February 11, 2026

लंदन में छात्रों पर हमला, अल्लाह-हू-अकबर का लगाया नारा, फिर बनाया निशाना

लंदन में छात्रों पर हमला: लंदन के ब्रेंट इलाके में स्थित किंग्सबरी हाई स्कूल में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को हिला दिया।

जानकारी के अनुसार, 13 साल के एक छात्र ने स्कूल के अंदर दो अन्य छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान वह “अल्लाह-हू-अकबर” का नारा लगाता रहा। घायल छात्रों की उम्र 12 से 13 साल के बीच है।

घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

2 छात्र घायल

लंदन में छात्रों पर हमला: रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 12 बजकर 40 मिनट पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं।

वहां पहुंचने पर दो छात्र घायल हालत में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत को लेकर फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

आरोपी छात्र गिरफ्तार

हमले के बाद आरोपी छात्र भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने

आरोपी के परिवार के सदस्यों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे की वजह क्या थी और क्या इसमें किसी और की भूमिका थी।

स्कूल में लॉकडाउन

घटना के तुरंत बाद स्कूल में एहतियातन लॉकडाउन लागू कर दिया गया। सभी छात्रों और स्टाफ को कक्षाओं में सुरक्षित रखा गया।

प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के मुताबिक, अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई थी। कई छात्र काफी डरे हुए हैं।

पुलिस ने 8 छात्रों को गवाह बनाया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और अभिभावकों को पूरी जानकारी दे दी गई है।

एहतियात के तौर पर 11 फरवरी को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

नेताओं की प्रतिक्रिया

इस घटना पर ब्रिटेन की सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने दुख जताया है।

गृह सचिव शबाना महमूद और शिक्षा सचिव ब्रिजेट फिलिपसन ने सोशल मीडिया पर घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

लंदन के मेयर सादिक खान ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस से साझा करे।

उन्होंने कहा कि समाज को मिलकर हिंसा के खिलाफ खड़ा होना होगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article