Wednesday, February 11, 2026

कनाडा में अंधाधुंध गोलीबारी, महिला शूटर सहित 10 की मौत

कनाडा में अंधाधुंध गोलीबारी: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत का छोटा और शांत कस्बा टम्बलर रिज मंगलवार 10 फरवरी को उस वक्त सन्न रह गया, जब यहां के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी की भयावह घटना सामने आई।

इस हमले में महिला शूटर समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 25 लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शूटर की सूचना मिलते ही मचा हड़कंप

कनाडा में अंधाधुंध गोलीबारी: पुलिस और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे स्कूल में एक्टिव शूटर की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आपातकालीन अलर्ट जारी किया और तुरंत मौके पर पहुंची। स्कूल परिसर के अंदर छह लोगों के शव बरामद किए गए,

जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। संदिग्ध हमलावर भी स्कूल के भीतर मृत मिली। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

स्कूल से दूर घर में मिले दो शव

घटना की गंभीरता तब और बढ़ गई जब स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित एक घर से भी दो लोगों के शव बरामद किए गए।

पुलिस को आशंका है कि ये मौतें भी इसी घटनाक्रम से जुड़ी हो सकती हैं। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 10 हो गई है।

महिला हमलावर की पहचान

पुलिस ने पुष्टि की है कि हमलावर एक महिला थी। मोबाइल इमरजेंसी अलर्ट में संदिग्ध का हुलिया भूरे बालों वाली, ड्रेस पहने महिला बताया गया था।

लोगों को घरों के अंदर रहने और दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई थी। फिलहाल हमले के पीछे की मंशा और अन्य संभावित संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।

घायलों का इलाज जारी

करीब 25 लोगों को स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। दो घायलों को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की टीमें लगातार इलाज में जुटी हैं।

तीन हजार से भी कम आबादी वाले इस बर्फीले कस्बे में इस घटना ने गहरा सदमा पहुंचाया है।

प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूलों को एक सप्ताह के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। आसपास के इलाकों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

कनाडा के पीएम ने जताया शोक

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, मैं उन सभी लोगों के साथ खड़ा हूं जिनकी जिंदगी इस त्रासदी से हमेशा के लिए बदल गई है।

पूरा कनाडा उनके दुख में शामिल है। मैं उन सुरक्षाकर्मियों का भी आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने बहादुरी से अपनी जिम्मेदारी निभाई।

पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने कहा कि वे तुरंत क्षेत्र में लौट रहे हैं ताकि समुदाय के साथ खड़े रह सकें।

नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर सुपरिंटेंडेंट केन फ्लॉयड ने इसे तेजी से बदलती और अत्यंत गंभीर स्थिति बताते हुए समुदाय और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स के सहयोग की सराहना की।

शांत और सुरक्षित माने जाने वाले टम्बलर रिज में हुई यह घटना पूरे कनाडा के लिए गहरे आत्ममंथन का विषय बन गई है।

फिलहाल पुलिस हमले के कारणों, पीड़ितों की पहचान और घटना के हर पहलू की गहन जांच में जुटी है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article