स्पेन ट्रेन हादसा: स्पेन में 18 जनवरी 2026 की शाम हुए एक भीषण हाई-स्पीड ट्रेन हादसे से गहरे सदमे में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के दक्षिणी प्रांत कोर्डोबा के आदम्यूज़ क्षेत्र के पास दो तेज़ रफ्तार ट्रेनों की टक्कर में अब तक कम से कम 40 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है,
जबकि लगभग 100 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस त्रासदी के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
इसे स्पेन के आधुनिक रेल इतिहास की सबसे गंभीर दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा
स्पेन ट्रेन हादसा: स्थानीय लोगों के अनुसार मलागा से मैड्रिड जा रही एक Iryo हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई।
कुछ ही सेकंड बाद पीछे से आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन उससे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
दोनों ट्रेनों में कुल मिलाकर लगभग 500 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और राहत कार्य देर रात तक चलता रहा।
राहत और बचाव अभियान है जारी
रेस्क्यू टीमों, दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया।
भारी क्रेनों और विशेष उपकरणों की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया, कई घायलों को नज़दीकी और बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में रखा गया है और मृतकों की पहचान के लिए परिजनों से DNA सैंपल लिए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवारों के लिए अस्थायी राहत केंद्र बनाए गए हैं, जहां भोजन और मानसिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ट्रेनों का मलबा पड़ा होने के कारण मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
स्पेन के पीएम ने दिया लोगों को आश्वासन
स्पेन ट्रेन हादसा: प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्पेन के लिए अत्यंत पीड़ादायक दिन है।
हम सच्चाई सामने लाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार कारणों की पूरी जांच हो।
सरकार और रेलवे प्रशासन के अनुसार मानव त्रुटि की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, विशेष रूप से ट्रैक जॉइंट में संभावित तकनीकी खामी या ढील की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
देश-दुनिया ने जताई संवेदना
पूरे स्पेन में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। कई सार्वजनिक स्थलों पर मौन रखा गया और झंडे आधे झुका दिए गए।
दुनिया भर के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी संवेदना संदेश भेजे हैं। पोप लियो XIV ने पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना और सहानुभूति व्यक्त की।
ट्रेन सेवाओं पर हुआ असर
स्पेन ट्रेन हादसा: हादसे के बाद मैड्रिड–अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल मार्ग सहित कई रूटों पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रद्द या विलंबित कर दी गई हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा जांच और आवश्यक मरम्मत पूरी होने के बाद ही सेवाएं बहाल की जाएंगी।
यह हादसा केवल स्पेन के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे यूरोप की आधुनिक हाई-स्पीड रेल प्रणालियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।
तकनीकी प्रगति के बावजूद, यह दुर्घटना याद दिलाती है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। स्पेन आज शोक में है और पूरे विश्व की संवेदनाएँ उसके साथ हैं।

